अरविंद केजरीवाल की 29 मई की रैली में 2 लाख से भी ज्यादा लोग हिस्सा लेंगे : डॉक्टर सुशील गुप्ता

punjabkesari.in Tuesday, May 10, 2022 - 07:16 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): आम आदमी पार्टी की 29 मई कुरुक्षेत्र में होने वाली रैली हरियाणा में होने वाली अब तक की रैलियों के सबसे बड़ी एवं रिकॉर्ड तोड़ रैली होगी। इस रैली में प्रदेश के विभिन्न कोणों से 2 लाख से भी ज्यादा लोग हिस्सा लेंगे। यह जानकारी आज यहां पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी व दिल्ली से राज्यसभा सांसद डॉक्टर सुशील गुप्ता ने दी। वह आज यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ हरियाणा मामलों के सह प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह भी थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने अपने इलाके में लोगों को 29 तारीख की अरविंद केजरीवाल की होने वाली रैली के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस रैली में भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पंचकूला के लोगों में इस रैली को लेकर भारी उत्साह है, यही वजह है कि जिले के लोगों ने करीब ₹10लाख का चंदा पार्टी को दिया है।  उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की रैली हरियाणा में सरकार के परिवर्तन की नींव रखेगी।

 इस अवसर पर पार्टी के सह प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी हरियाणा की मौजूदा सरकार से परेशान है, क्योंकि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। लोग महंगाई और बेरोजगारी की वजह से काफी परेशान है। इस अवसर पर पार्टी के उत्तरी हरियाणा जोन के सचिव योगेश्वर शर्मा ने बताया कि पंचकूला में सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं की ड्यूटियां लगाई गई हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस रैली में हिस्सा लें और उन्हें जो अब तक कि रिपोर्ट मिली है उसके अनुसार करीब 10हजार लोग इस रैली में हिस्सा लेंगे।

इस मौके पर गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में कानून का राज पूरी तरह से खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस से अपने प्रदेश में तो कानून व्यवस्था संभाली नहीं जा रही,मगर वह दूसरे के काम में आडंगा जरुर लगा रही है। जिससे साफ जाहिर है कि वह भी सरकारी नौकर न होकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता की तरह काम कर रही है, जबकि दिल्ली पुलिस तो पहले से ही भाजपा के कार्यकर्ता की तरह काम करती है। उन्होंने कहा कि यह कानून का भी उलंघन है। क्योंकि पकड़े गये भाजपा नेता को अदालत में पेश किया जाना था।

डा. गुप्ता हरियाणा पुलिस द्वारा पंजाब पुलिस की ओर से दिल्ली के भाजपा नेता को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के लिए पंजाब लेकर आते समय बीच रास्ते हरियाणा पुलिस द्वारा जबरन रोक कर छुड़ाने पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस की ओर से पंजाब पुलिस के कर्मचारियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किये जाने पर उसकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को बार बार पेश होने को कहा। जब वह नहीं आया तो अदालत में इसकी जानकारी दी गई।

अदालत की ओर से उसे गिरफ्तार करके लाने के वारंट जारी किये गये थे। पंजाब पुलिस ने नियमानुसार उसे गिरफ्तार करने से पूर्व दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना भी दी थी। फिर उसने पंजाब पुलिस के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज क्यों किया, यह आसानी से समझा जा सकता है कि उसने यह काम भाजपा नेत़त्व के इशारे पर किया है। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि हरियाणा पुलिस का इसमें न तो कुछ लेना देना था फिर उसने पंजाब पुलिस के काम में बाधा क्यों लगाई? यह बात भी समझी जा सकती है कि यहां भी भाजपा सरकार होने के चलते पुलिस भाजपा कार्यकर्ता की तरह से काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि आप इस मामले में चुप नहीं बैठेगी तथा इस मुद्दे को आमजन के बीच लेकर जाएगी कि किस तरह से अपने प्रदेश में हर मोर्चे पर विफल रहने वाली हरियाणा की पुलिस दूसरे के राज्य की पुलिस के काम में रोड़े अटकाती है और उसे काम करने नहीं देती।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static