नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, झाड़ू उल्टा कर किया प्रदर्शन(VIDEO)

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2020 - 04:43 PM (IST)

अंबाला/यमुनानगर/बहादुरगढ़ (अमन/सुरेंद्र/प्रवीण): नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही। प्रदेश भर के 32 हजार कर्मचारियों ने आज शहर की सड़कों पर झाड़ू उल्टा करके प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ ने भी इस हड़ताल का समर्थन किया है। संघ ने कोरोना काल में 50 लाख का बीमा और सफाई कर्मचारी की मौत पर परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग की। 

नगर परिषद अंबाला के कर्मचारियों द्वारा सामूहिक अवकाश लेकर नगर परिषद कार्यालय के बाहर आज दूसरे दिन भी प्रदर्शन किया गया। कर्मचारियों ने रोष प्रकट करते हुए उलटे झाड़ू लेकर अंबाला के मुख्य बाजारों में जलूस के रूप में प्रदर्शन किया व सरकार विरोधी नारे लगाए। जिला प्रधान राजेंद्र  एवं राज्य उप प्रधान सेवाराम की अध्यक्षता में ये प्रदर्शन किया गया।
नगर परिषद कर्मचारी काफी समय से प्रोटेस्ट करते आ रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार ने इनकी मांगे नहीं मानी। उन्होंने मांग उठाई की नगर परिषद अंबाला सदर में काम कर रहे 157 सफाई कर्मचारियों को पेय रोल पर लिया जाए।

PunjabKesari, haryana

वहीं इसके साथ यमुनानगर में भी नगरपालिका कर्मचारी संघ, फायर ब्रिगेड के सैकड़ों कर्मचारियों ने शहर भर में प्रदर्शन किया। झाड़ू उल्टा करके प्रदर्शन करने वाले यह कर्मचारी सरकार से वादाखिलाफी का आरोप लगा रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी मांगों को 25 अप्रैल को मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में हुई बैठक में मान लिया गया था। 

मंत्री ने विश्वास दिलाया था कि वह मुख्यमंत्री से बातचीत करके सफाई व फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को भी स्वास्थ्य कर्मचारियों की तरह 50 लाख का बीमा व 4 हज़ार जोखिम भत्ता दिलाएंगे। लेकिन इन मांगों पर अभी तक कोई पत्र जारी नहीं हुआ। 

PunjabKesari, haryana

बहादुरगढ़ में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने शहर भर में झाडू उल्टी कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का यह जुलूस शहर के रेलवे रोड, मेन बाजार और दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे से होते हुए बहादुरगढ़ नगर परिषद के कार्यालय के सामने जाकर समाप्त हुआ। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद के गेट के सामने धरना दिया। 

दरअसल, कोरोना योद्धा के रूप में काम करने वाले यह कर्मचारी सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगा रहै हैं। ये अपनी कुछ मांगों को लेकर काफी लंबे समय से नाराज चल रहे हैं। यह कर्मचारी 25 अप्रैल को सरकार के साथ हुए समझौते को लागू करने की मांग कर रहे हैं। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए दिखाई दिए। इस कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण शहर के लोग भी काफी परेशान हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static