हत्याकांड मामला : मृतक की मां व ताई न्यायालय में पेश

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2020 - 01:27 PM (IST)

महेंद्रगढ़ : नगर के मोहल्ला सैनीपुरा निवासी विकास हत्याकांड में पुलिस ने नया खुलासा करते हुए बताया कि विकास की हत्या के लिए रची गई साजिश में उसकी मां ललिता व ताई शारदा भी शामिल थी। पुलिस ने उक्त दोनों महिलओं को उनके घर से गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि विकास की हत्या में इन दोनों औरतों का भी शामिल होना पाया गया है। इसी आधार पर इन दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। स्मरण रहे कि बीती सोमवार की रात नगर के धौलपोश आश्रम के निकट विकास की निर्मम हत्या की गई थी। स्वयं मृतक के ताऊ अनिल ने पुलिस में शिकायत देकर हत्यारों के तुरंत पकड़े जाने की गुहार लगाई थी। इतना ही नहीं परिजनों ने हत्यारे नहीं पकड़े जाने तक विकास का शव लेने से भी इंकार कर दिया था। 

बाद में पुलिस द्वारा किए गए हत्या के खुलासे ने सभी को हैरत में डाल दिया है। क्योंकि विकास की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके परिजनों ने ही 2 अन्य मोहित एवं आशुतोष नामक भाड़े के हत्यारों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने हत्या की घटना में शामिल मृतक के पिता ईश्वर व ताऊ अनिल समेत मोहित व आशुतोष को तो घटना के कुछ समय बाद ही गिरफ्तार कर लिया था जोकि इन दिनों पुलिस रिमांड पर है। इस हत्या कांड के पीछे कोई घरेलू कारण बताया जा रहा है। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Manisha rana

Recommended News

Related News

static