बिना पैरोल उम्रकैद काट रहे हत्या के दोषी को हाईकोर्ट से झटका, बहन की UPSC पढ़ाई के आधार पर नहीं मिली 8 सप्ताह की राहत

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 01:14 PM (IST)

चंडीगढ़: हत्या के मामले में बिना पैरोल के जीवनभर कारावास की सजा काट रहे एक दोषी को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली। दोषी ने मां की मृत्यु, पिता के जेल में होने और बहन की यू.पी.एस.सी. परीक्षा की तैयारी में मदद के लिए 8 सप्ताह की पैरोल मांगी थी।

जस्टिस अनूप और जस्टिस हरमीत सिंह देओल की खंडपीठ ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि बहन की देखभाल की जरूरत सजा सुनाने वाली अदालत द्वारा लगाई गई पैरोल पर रोक को समाप्त करने का आधार नहीं बन सकती।

पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता की दलील किसी ऐसी आपात स्थिति को साबित नहीं करती, जिसके आधार पर अस्थायी रिहाई दी जा सके। हालांकि, भविष्य में वास्तविक आपात स्थिति उत्पन्न होने पर वह दोबारा आवेदन कर सकता है। दोषी ने हरियाणा सुचरण बंदी (अस्थायी रिहाई) अधिनियम के तहत पैरोल मांगी थी।

उसका कहना था कि परिवार में बहन की देखभाल करने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है। जिला मैजिस्ट्रेट ने आवेदन खारिज करते हुए कहा कि सजा सुनाने वाली अदालत ने उसे बिना पैरोल के जीवनभर कारावास भुगतने का निर्देश दिया है। पीठ ने यह भी उल्लेख किया कि दोषी को जेल कैदी कॉलिंग सिस्टम के दुरुपयोग के लिए दंडित किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static