नीरज शर्मा के प्रण ने याद दिलाई पानीपत के जसवंत सेठी के प्रण की

punjabkesari.in Sunday, Mar 27, 2022 - 04:38 PM (IST)

चंडीगढ़( चन्द्र शेखर धरणी) :  समय-समय पर प्रदेश में नए तरीके से आकर्षण का केंद्र बने रहने वाले फरीदाबाद एनआईटी से कांग्रेसी विधायक नीरज शर्मा ने इंदिरा इमरजेंसी के बाद लिए गए एक बड़े प्रण की यादें ताजा कर दी। जब पानीपत के जसवंत सेठी ने इंदिरा की राजगद्दी से उतर जाने तक काले वस्त्र धारण करने का प्रण लिया था, इसी तरह फरीदाबाद एनआईटी विधायक नीरज शर्मा ने प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त होने तक अंडर वियर को छोड़कर किसी प्रकार के सिले हुए वस्त्र को धारण ना करने का प्रण लिया है। इस दौरान वह पैरों में भी कुछ नहीं पहनेंगे। इस मौके पर पंजाब केसरी ने उनके इन भावों और इस त्याग का आखिर कारण क्या है, इतना बड़ा फैसला क्यों लिया गया है, इस पर विस्तार से चर्चा की।

शर्मा ने कहा कि जब विधायक बना, उसी दिन से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ना उनका मकसद था।आज समाज का सबसे बड़ा दुश्मन भ्रष्टाचार है। घटना घटित होना एक अलग बात है, लेकिन उसके बाद एक्शन क्या लिया गया, यह बात महत्वपूर्ण है। आज 1000-2000 के घोटालेबाजों को पकड़ा जा रहा है, लेकिन बड़े घोटालेबाजों - भ्रष्टाचारियों पर कोई कार्यवाही देखने को नहीं मिलती। बल्लभगढ़ विधानसभा में सचिन शर्मा नामक एक बच्चे की मौत घोटाले की वजह से हुई। प्रदेश में कोई मुख्यमंत्री, मंत्री और अधिकारी ऐसा नहीं जिन्हें उन्होंने शिकायत सबूतों सहित ना दी हो, लेकिन सभी आंखें मूंद कर बैठे हैं। आज आलम यह है कि निगम में भ्रष्टाचार की जांच निगम को दे दी जाती है, अगर रिपोर्ट सही आती है तो जांच विजिलेंस को दे दी जाती है। मेरे विधानसभा क्षेत्र में 700 फड़ड़ वाले लोगों को इंसाफ नहीं मिला। इस मुद्दे को सदन में उठाने पर भी  संतोषजनक जवाब नहीं मिला। 9 में से 4-5 केसो में स्टेट विजिलेंस ने एफ आई आर की सिफारिश करने की रिपोर्ट पेश करें, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।

मुख्यमंत्री को करना पड़ता है ट्वीट
शर्मा ने कहा कि क्या सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के रिटायरमेंट का इंतजार कर रही है। फरीदाबाद का नगर निगम अखंड भ्रष्टाचार में डूबा है। आज बहन-बेटी की शादी में सीवरेज सफाई के लिए मुख्यमंत्री को ट्वीट करना पड़ता है। क्या अब हमें सीवरेज सफाई के लिए बहन बेटी की शादी करनी पड़ेगी। 200 करोड रुपए का घोटाला हुआ, एक ईंट नहीं लगी, उस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। रेल की पटरी बेचकर खा जाने पर कोई कार्यवाही नहीं।साइकिल ट्रैक, पैदल जाने का रास्ता और ओवर ब्रिज कहां गया, कोई जांच नहीं हुई। मेरे विधानसभा क्षेत्र में एक प्राइवेट व्यक्ति के प्लाट को खाली करवाने के लिए सरकारी जमीन में प्लाट 1991 की अलॉटमेंट के रेट पर दे दिए गए, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं। शर्मा ने कहा कि जब उनकी विधानसभा क्षेत्र से लोकल बॉडी मिनिस्टर बनाए गए तो बहुत खुशी हुई कि भ्रष्टाचार खत्म होगा, विकास की रफ्तार बढ़ेगी। लेकिन ऐसा लगता है कि इस सरकार में भ्रष्टाचारियों को सपोर्ट दी जा रही है।

मेरे क्षेत्र की जनता दुखी तो मैं कैसे लूं मौज 
जिस प्रकार से श्री रामचंद्र ने 14 साल तक नंगे पैर जीवन यापन किया, कृष्ण भगवान पूरी उम्र नंगे पांव घूमे, इसी प्रकार दुष्टों का राज पूरी उम्र नहीं रहता। उस प्रभु राम उस प्रभु कृष्ण की इच्छा से उनका भी समय व्यतीत हो जाएगा। शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार के राक्षस पर अगर अंकुश लगा दिया जाए तो यही बजट सर प्लस हो जाएगा। अगर आज उनके विधानसभा क्षेत्र की जनता दुखी है, तो वह मौज कैसे ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह है उनके जीवन का दूसरा त्याग है। उन्हें हमेशा चाइनीस फूड बेहद पसंद रहा। लेकिन कोरोना काल में चाइना के अपराध को देखते हुए चाइनीस फूड का त्याग किया। अब यह दूसरी प्रतिज्ञा ली है। आज भ्रष्टाचारी अधिकारियों को प्रमोशन मिलती हैं। हरियाणा की ब्यूरोक्रेसी को एक तरफ बिठा दिया जाए और  मैं आंकड़े सहित बैठूंगा, अगर अधिकारी उस बात को गलत साबित कर देंगे तो वह विधायिका छोड़ दूंगा।

आज मंत्री मुख्यमंत्री तक की बात को नहीं मान रहे
शर्मा ने कहा कि इस सरकार में मंत्री मुख्यमंत्री की बात नहीं मान रहे। जिस प्रकार से द्रोपदी के चीर हरण के वक्त वहां बैठे बड़े-बड़े धुरंधर चुप है और इतना बड़ा अत्याचार होता रहा, मैं ऐसा कदापि नहीं होने दूंगा। मैं इस लड़ाई को लड़ता रहूंगा। बता दें कि नीरज शर्मा समय-समय पर दूसरे विधायकों से भिन्न तरीके से काम करते रहे हैं। वह फरीदाबाद से चंडीगढ़ बस या रेलगाड़ी से पहुंचते हैं और चंडीगढ़ में किसी प्रकार का सरकारी आवास उन्होंने नहीं ले रखा। चंडीगढ़ में एक एक्टिवा से विधानसभा तक पहुंचते हैं। उन्होंने अपने साथ कोई सिक्योरिटी भी सरकार से नहीं ले रखी। अब इस प्रण से उनके राजनीतिक कैरियर में एक जन लुभावनी लिस्ट में यह किस्सा भी शामिल हो गया है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static