BJP सरकार के तीसरे कार्यकाल में एक भी नई नौकरी नहीं दी, कांग्रेस नेता बृजेन्द्र सिंह ने सैनी सरकार पर जमकर साधा निशाना
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 03:48 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : कांग्रेस ने वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तीसरे चरण की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता ब्रजेन्द्र सिंह ने फरीदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान का तीसरा चरण 25 नवंबर तक चलेगा।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश के हर जिले में एसआईआर के मुद्दे के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाएगी। अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए चौपालों का आयोजन किया जाएगा, जहां कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को उठाएंगे।
इस दौरान बृजेन्द्र सिंह ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के 40 हजार भर्तियां करने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये सभी भर्तियां पुरानी विज्ञप्तियों के आधार पर की गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के तीसरे कार्यकाल में एक भी नई नौकरी नहीं दी गई है।
वहीं गुरुग्राम और नूंह में बिजली के निजीकरण को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने इस मुद्दे को खत्म नहीं किया, बल्कि फिलहाल सिर्फ स्थगित किया है। उन्होंने किसानों के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के मुद्दे पर कमेटी बनाई थी, लेकिन चार साल बाद भी उसका कोई नतीजा सामने नहीं आया। इसी तरह बिजली के निजीकरण का मुद्दा भी सिर्फ टाला गया है, समाप्त नहीं किया गया।
कांग्रेस की अंदरूनी एकजुटता को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि एकजुटता से ज्यादा जरूरी है कि पार्टी जिन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है, उन्हें मजबूती से उठाया जाए। उन्होंने माना कि कई बार कांग्रेस नेता एक साथ दिखाई देते हैं और कई बार नहीं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण जनता के मुद्दों को उठाना है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)