लखीमपुर खीरी हिंसा में घायल किसान नेता तेजेंद्र सिंह से मिले ओपी चौटाला

punjabkesari.in Wednesday, Oct 06, 2021 - 08:49 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई घटना में घायल किसान नेता तेजेंद्र सिंह विर्क को गुरुग्राम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। तेजेंद्र से बुधवार को इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला मिलने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में पहुंचे। इनेलो सुप्रीमो ने किसान नेता का कुशलक्षेम पूछा तथा उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

विदित रहे कि इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी और राष्ट्रीय उपप्रधान प्रकाश भारती राष्ट्रीय लोकदल के प्रधान महासचिव कुंवर पाल सिंह के साथ सोमवार को हिंसा स्थल पर तिकुनिया गांव पहुंचे थे। हिंसक घटना के बाद तिकुनिया गांव के गुरूद्वारा नानकसर में इकट्ठा हुए किसानों के साथ बैठ कर इनेलो नेताओं ने शहीद हुए किसानों की मौत पर अफसोस जताया। नफे सिंह राठी ने बताया कि इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला पीठ में दर्द होने के कारण स्वयं नहीं आ सके। इस दौरान नफे सिंह राठी ने इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला एवं अभय सिंह चौटाला द्वारा हिंसा में शहीद हुए किसानों के लिए भेजा गया शोक संदेश दिया।

इनेलो नेताओं ने वहां मौजूद किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इनेलो पार्टी पहले दिन से ही भाजपा द्वारा बनाए गए तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ है और शहीद हुए किसान परिवारों के साथ खड़ी है। किसानों ने इनेलो के शीर्ष नेताओं द्वारा समर्थन देने और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को वहां भेजने पर धन्यवाद किया। इस घटना के बाद पूरे इलाके के लोगों में भाजपा के खिलाफ बड़ा रोष था। वहां मौजूद सैकड़ों किसानों की मौजूदगी में किसान नेताओं ने बताया कि कैसे भाजपा के लोगों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया। किसान नेताओं ने बताया कि भाजपा के लोग किसान नेता तेजेंद्र सिंह विर्क को मारना चाहते थे। इस हमले में तेजेंद्र सिंह विर्क बुरी तरह से घायल हो गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static