इनेलो की सरकार बनने पर हर बेरोजगार को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा: ओपी चौटाला

punjabkesari.in Saturday, Sep 04, 2021 - 09:20 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने शनिवार को पंचकूला जिले की कार्यकर्ताओं की बैठक ली। वह संगठन को मजबूती देने के लिए कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी को लेकर प्रदेश की गठबन्धन सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी पूरे देश में सबसे अधिक है। आज सरकार की कुनीतियों से देश-प्रदेश का किसान बेहाल है।

उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन को लेकर भाजपा सरकार का रवैया सौतेला है जिससे किसानों में रोष है। बीजेपी सरकार ने जिस प्रकार से किसानों के हितों के खिलाफ जाकर तीन काले कृषि कानून बनाने का काम किया है, उसके लिए उसे कभी भी माफ नहीं किया जा सकता। इसलिए उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस के विकल्प के रूप में तीसरे मोर्चा के गठन को लेकर प्रयास शुरू किया है और जल्द ही तीसरे मोर्चे का गठन होगा। 

उन्होंने कहा कि जेबीटी भर्ती में जब वह जेल गए तो कांग्रेस यह मानकर चल रही थी कि इनेलो खत्म हो जाएगी। लेकिन वर्करों ने पार्टी को संभाले रखा। अब हर आदमी कह रहा है कि आने वाले समय में हरियाणा में इनेलो की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार के लोग दोनों हाथों से जनता को लूटने में लगे हैं। 3206 लोगों को नौकरी देने पर उनको दस साल की सजा काटनी पड़ी थी, लेकिन इस बार सरकार बनने पर हर बेरोजगार को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा, चाहे उसके लिए मुझे फांसी की सजा हो जाए।

चौटाला ने कहा कि जिस दिन भी चुनाव होगा, उस दिन सरकार की लोकप्रियता सबके सामने आ जाएगी। क्योंकि इस सीट पर इनेलो के उम्मीदवार की भारी मतों से जीत होगी, लेकिन यह डरी हुई सरकार ऐलनाबाद सीट पर चुनाव को टाल रही है। आखिर सरकार कब तक चुनाव लटकाएगी। ताऊ देवी लाल के सपनों को पूरा करने के लिए वह संघर्ष कर रहे हैं। जिस इनेलो रूपी पौधे को पार्टी के वर्करों ने अपने खून से सींचा और जब वह पौधा फल देने लगा तो कुछ स्वार्थी लोग उसके फल लूटकर ले गए लेकिन अब ज्यादा से ज्यादा संख्या में पार्टी से जुडक़र इसे आगे बढ़ाने में हमारा सहयोग करें। इनेलो सुप्रीमो ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जींद रैली में बढ़चढ़ कर भागीदारी कर रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, जिला प्रभारी पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा, हलका प्रभारी पूर्व मंत्री राजकुमार वाल्मीकि, इनेलो आईटी सैल के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण सिंह चौटाला, जिला प्रधान सतिंद्र टोनी, महिला प्रधान सीमा चौधरी, युवा प्रधान राजू मौली, राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के हरियाणा प्रभारी यशपाल राणा और राष्ट्रीय प्रवक्ता बलवान ठाकुर, नवीन छिकारा, गुरदास, जयकिशन रिहौड़, जरनैल सिंह जैली, चरण सिंह, रवि प्रकाश शर्मा और किस्मत कौशिक सहित अनेकों पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static