हरियाणा के लोग चाहते हैं कि जब दिल्ली और पंजाब बदल सकते हैं तो हरियाणा क्यों नहीं :सुशील गुप्ता

punjabkesari.in Tuesday, Mar 22, 2022 - 03:06 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी):  पंजाब में विजय श्री होने के बाद हरियाणा में जल्द से जल्द पार्टी को ताकत प्रदान करने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी पूरी तरह से एक्टिव हो चुकी है। लगातार भारी संख्या में प्रदेश भर से दूसरे दलों के नेता कार्यकर्ता सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। इस कार्यक्रम की देखरेख राज्यसभा सांसद आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुशील गुप्ता को सौंपी गई है। जो रात को  दो 2-2 बजे तक लोगों को आम आदमी पार्टी की ''टोपी'' पहना रहे हैं। पंजाब केसरी ने भविष्य के एजेंडे के साथ-साथ गुप्ता से कई महत्वपूर्ण विषयों को लेकर विशेष बातचीत की। जिसमें उन्होंने भाजपा और कांग्रेस को एक सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि भाजपा जाति- धर्म की नफरत भरी राजनीति करती है और कांग्रेस जहां जीतती है वहां बिक जाती है। इस प्रकार के आरोप लगाते हुए गुप्ता ने आगामी विधानसभा चुनावों में भारी प्रचंड बहुमत से हरियाणा में सरकार बनाने के दावे किए। कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई। कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत है:-

प्रशन:- पंजाब चुनाव परिणामों के बाद लगातार आम आदमी पार्टी में शामिल होने की आपाधापी को क्या माना जाए ?
उत्तर:-
अब जनता जाति और धर्म की राजनीति को त्याग रही है। भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में नफरत फैलाने के अलावा कुछ नहीं किया। आज व्यापारियों से खुलेआम फिरौती ली जा रही है। बदमाश व्यापारियों को गोली मार देते हैं। महिला 6 बजे के बाद घर से बाहर जाने डरती है। पूरे देश में बलात्कार जैसा अपराध हरियाणा में सबसे अधिक हो रहा है। भारत सरकार के आंकड़े के अनुसार हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन है। रोजगार ना मिलने के कारण हरियाणा का युवा अपराध का रास्ता अपना रहा है। इसलिए हरियाणा के लोग अब बदलाव चाहते हैं।

दिल्ली की तरह स्कूल- अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक हरियाणा की जनता की भी जरूरत है। हरियाणा की जनता ने दिल्ली में 24 घंटे बिजली और पानी मिलते देखा है। पंजाब के लोगों ने दिल्ली मॉडल को पसंद किया और पहले कैबिनेट मीटिंग में ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 25000 सरकारी नौकरियां देने की घोषणा कर दी। नरमा में सुंडी- कपास में कीड़ा से नुकसान हुई फसलों के मुआवजे को लेकर 101 करोड रुपए की राशि पास कर दी। दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रति हेक्टेयर फसल खराबी पर 50000 रुपए मुआवजे का चेक किसानों यह घर भेजते हैं। पंजाब और दिल्ली के बीच हरियाणा प्रदेश है और हरियाणा के लोग भी चाहते हैं कि जब दिल्ली और पंजाब बदल सकते हैं तो हरियाणा क्यों नहीं।

प्रशन:- पंजाब में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया। श्रेय किसको देते हैं ?
उत्तर:-
यह श्रेय जनता को ही देंगे। पंजाब की जनता भारतीय जनता पार्टी के बहकावे में नहीं आई। कांग्रेस के बहकावे में नहीं आई। उन्होंने काम की राजनीति को पसंद किया। धर्म और जाति की राजनीति को फेल करते हुए वह ईमानदार सरकार को कामयाब करने में सफल रहे।

प्रशन:- आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले नए सदस्यों में सबसे अधिक कौन से दल के हैं ?
उत्तर:-
हर पार्टी से आम आदमी पार्टी में नेता- कार्यकर्ता आने को तैयार हैं। लेकिन जिस भी विधायक लेवल की जॉइनिंग आम आदमी पार्टी में होगी, उस पर भ्रष्टाचार का आरोप न हो, उसका करेक्टर साफ हो और वह अपराधी चरित्र का व्यक्ति ना हो। ऐसी प्राथमिकता के आधार पर हम जोइनिंग करवाएंगे। लगभग 40 पूर्व विधायक और पूर्व सांसद हमारे संपर्क में हैं। पार्टी की अपने स्तर पर जांच प्रक्रिया चल रही है।

प्रशन:- क्या शामिल होने वालों की लिस्ट में सत्ता पक्ष के लोग भी हैं ?
उत्तर:-
अभी चुनाव में काफी वक्त है। वह अभी आने से डर रहे हैं। ज्यादातर आजाद विधायक हमारे संपर्क में हैं। सत्तारूढ़ पार्टी के भी कुछ विधायक संपर्क में है। लेकिन सदस्यता चली जाने के डर से वह डरे हुए हैं।

प्रशन:- वीरेंद्र डूमरखा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में क्या आप शामिल होंगे ?
उत्तर:-
वह मेरे मित्र हैं और मुझे निमंत्रण भी उन्होंने दिया है। मैं जरूर जाऊंगा।

प्रशन:- क्या केजरीवाल भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे ?
उत्तर:-
नहीं केजरीवाल इस कार्यक्रम में बिल्कुल नहीं जा रहे। इस बारे में किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं है।

प्रशन:- क्या वीरेंद्र सिंह भी आम आदमी पार्टी की टोपी पहन सकते हैं ?
उत्तर:-
यह सवाल वीरेंद्र जी बता पाएंगे। उनका मन तो करता है। लेकिन वह क्यों - कब और कैसे इसका उत्तर वही दे सकते हैं। हमारी इस विषय पर कभी कोई बात नहीं हुई। वह राज्यसभा में मेरे साथ थे।लेकिन दोस्ती होना एक अलग बात है। राजनीतिक रूप से हम उनके विरोधी रहे हैं। वह बीजेपी में रहे। लेकिन बीजेपी से वह खुश नहीं थे। किसान आंदोलन के दौरान भी वह किसानों के पक्ष में बोले। उन पर कभी किसी प्रकार का भ्रष्टाचार या अपराधिक आरोप नहीं लगा। वह एक साफ-सुथरे व्यक्तित्व के मालिक हैं और अगर वह आम आदमी पार्टी में आना चाहें तो बाहें फैलाकर उनका स्वागत है।

प्रशन:- हरियाणा में किन मुद्दों को लेकर जनता में जाने की तैयारी है ?
उत्तर:-
हरियाणा का हर माता-पिता चाहता है कि उनके बच्चे दिल्ली जैसे स्कूलों में पढ़ें। हरियाणा का व्यक्ति बीमार होने पर दिल्ली के अस्पतालों जैसी सुविधा लेना चाहता है। हरियाणा में बिजली और पानी का बुरा हाल है। पिछले 8 साल से आज तक कोई नया उद्योग हरियाणा में नहीं लगा। बेरोजगारी सिर पर चढ़कर बोल रही है। किसान कर्ज के बोझ तले दवा जा रहा है और बीजेपी कहती है कि इनके तार चाइना और पाकिस्तान से जुड़े हुए हैं। हरियाणा की जनता भाजपा और जजपा से नफरत करने लगी है।

प्रशन:- 60 साल से राजनीति का मुख्य मुद्दा एसवाईएल को लेकर दिल्ली-पंजाब की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी का क्या स्टैंड रहेगा ?
उत्तर:-
पहले बेशक पंजाब के मुख्यमंत्री कांग्रेस के थे, लेकिन वह भाजपा की ही मानते थे और बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ ही गठबंधन किया। यह लोग दोमुही बात करते हैं। लेकिन आम आदमी पार्टी का मत स्पष्ट है कि वह सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के हिसाब से ही चलेंगे।

प्रशन:- नवीन जयहिंद पहले प्रदेश अध्यक्ष थे क्या अब वह आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी हैं ?
उत्तर:-
वह आम आदमी पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता हैं। किसी पद पर नहीं हैं।

प्रशन:- लंबे समय से कार्य कर रही आम आदमी पार्टी का प्रदेश संगठन कब तक तैयार हो जाएगा ?
उत्तर:-
हमने प्रदेश को 4 हिस्सों में बांटा है और हमारा पूरा संगठन बना हुआ है।

प्रशन:- आम आदमी पार्टी के बढ़ते कदमों को रोकने के लिए कांग्रेस का राष्ट्रीय स्तर पर मंथन और प्रदेशाध्यक्ष बदलने की तैयारी को लेकर क्या कहेंगे ?
उत्तर:-
कांग्रेस इस देश में या तो जीतती नहीं, जीतती है तो बिक जाती है। मध्यप्रदेश में इनकी सरकार बनी लेकिन बिक गई। गोवा में भी इसी प्रकार का घटनाक्रम हुआ। राजस्थान में बहुत बार इन्हें अपने विधायकों को छुपा कर रखना पड़ा। पंजाब चुनाव परिणाम आने से पहले ही यह अपने विधायकों को छुपाते फिर रहे थे। यह इनका कल्चर है। राहुल गांधी ने खुद कहा कि जी-23 में शामिल हरियाणा के सदस्य भारतीय जनता पार्टी के आदमी हैं। इन्हें पहले खुद तय करना चाहिए कि इनमें कांग्रेस के कौन हैं और बीजेपी के कौन। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तो साफ यह दिखा ही दिया कि वह भाजपा के आदमी हैं। इसलिए कांग्रेसी और भाजपा में कोई फर्क नहीं है।


प्रशन:- कलाकार से मुख्यमंत्री बने भगवंत मान आपके मित्र हैं, क्या संदेश देंगे ?
उत्तर:-
मैं उन्हें बहुत शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने अपनी पारी की बहुत अच्छी शुरुआत की है। वह पंजाब में अत्यंत लोकप्रिय हैं। मैं भी पंजाब में चुनाव के दौरान गया लोग उन्हें बहुत चाहते हैं। मैं चाहता हूं कि वह पंजाब को ऐसा मॉडल बनाएं कि पूरे हिंदुस्तान के लिए रास्ता वहीं से बने।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static