कोरोना से ठीक हुए लोग प्लाजमा डोनेट करें : खट्टर

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2020 - 09:08 AM (IST)

चंडीगढ़ (बंसल) : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कोरोना से ठीक हुए लोगों से अपील की है कि वे महामारी से लडऩे को आमजन को प्रेरित करने के लिए आगे आएं। इस बात का संदेश दें कि बीमारी से डरने की बजाय, सावधानी बरतने की ज्यादा जरूरत है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने ठीक हुए लोगों से प्लाजमा डोनेट करने की अपील भी की। मुख्यमंत्री कोविड-19 की स्थिति पर गठित आपदा प्रबंधन ग्रुप की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में जानकारी दी गई कि नागरिक अस्पतालों में कोरोना टैस्ट की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है और लोगों को टैस्ट के लिए आना चाहिए। टोल फ्री नंबर-108 तथा 1075 पर संपर्क उपरांत मोबाइल वैन से भी सैंपल एकत्रित किए जा रहे हैं। ठीक हुए लोगों को प्लाजमा डोनेट करने के लिए एस.एम.एस. भेजे जा रहे हैं और अब तक 338 ने सहमति व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को अलग से पत्र भी भेजे जाएं। मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि अनलॉक-3 में मास्क पहनने के लिए प्रेरित करने को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चौराहों व शहरी स्थानीय निकाय विभाग के वाहनों और 900 से अधिक सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिग लगाकर मास्क व गमछा पहनने और सोशल डिस्टैंसिंग के पालन की जानकारी दी जा रही है।

विदेश से लौटने वाला 96 घंटे तक रहेगा होम क्वारेंटाइन
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने अवगत करवाया कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और रेवाड़ी जिलों को छोड़ अन्य में स्थिति नियंत्रण में है। ‘आप्रेशन वंदे भारत’ के तहत विदेशों से लौट रहे लोगों को अब 7 दिन संस्थागत क्वारेंटाइन रखने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अनलॉक-3 की नई हिदायतें जारी की हैं। यात्री 48 घंटे पहले का कोरोना नैगेटिव का मैडीकल प्रमाणपत्र देता है तो क्वारेंटाइन की जरूरत नहीं होगी और 96 घंटे तक होम क्वारेंटाइन रहना होगा।

हर जिले में एक टैस्टिंग लैब खोले जाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जिले में कम से कम एक कोरोना टैस्टिंग लैब खोली जानी चाहिए। जहां ऐंटीजेन की बजाय आर.टी.पी.सी.आर. प्रणाली से टैस्टिंग की सुविधा हो। चिकित्सा शिक्षा अनुसंधान विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक निगम ने बताया कि लैब्स की संख्या 16 है, जिनमें 11 सरकारी व 5 प्राइवेट अस्पतालों में हैं। 10 और खोली जा रही हैं। गुरुग्राम व फरीदाबाद की ई.एस.आई. लैब में टेली-आई.सी.यू. बैड की सुविधा भी उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ठीक होने के बाद दोबारा टैस्टिंग के लिए मुफ्त एम्बुलैंस सुविधा प्रदान की जाए।

हरियाणा रोडवेज की राजस्थान व उत्तर प्रदेश में चल रही हैं 150 बसें
बैठक में जानकारी दी गई कि अंतर-राज्यीय परिवहन सेवाओं के तहत हरियाणा परिवहन की राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लगभग 150 बसें चलाई जा रही हैं। यह बसें 30 यात्रियों के साथ चलाई जा रही हैं और यात्रियों की संख्या प्रतिदिन 1.50 लाख से अधिक हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनिश्चित किया जाए कि बस में हर यात्री मास्क पहने व हाथों को सैनेटाइज करें।

अब तक 587 पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए
पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने जानकारी दी कि कोरोना महामारी के दौरान पुलिसकर्मियों का कार्य जोखिम भरा रहा है, परंतु हरियाणा के जवानों ने योद्धा के रूप में सेवाएं दी हैं। अन्य राज्यों की तुलना में राज्य के पुलिसकर्मियों की कोरोना संक्रमण दर काफी कम रही है। अब तक 587 पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं जो कुल फोर्स का 1.14 प्रतिशत है और रिकवरी रेट 65 प्रतिशत है। अब तक कोरोना से तीन पुलिसकर्मियों की मृत्यु हुई है।

11 अतिरिक्त शमशान घाट बनाए
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक डा. अमित अग्रवाल ने अवगत करवाया कि शहरों में इलैक्ट्रिक शवदाह गृहों की संख्या बढ़ाई जा रही है और ऐसे 14 शवदाह गृह स्थापित करने के लिए कार्य आबंटित किया गया था। वर्तमान शमशान घाटों पर ही 11 अतिरिक्त शवदाह गृह बनाए जा चुके हैं।

गांवों में ज्यादा प्रचार-प्रसार करने के दिए निर्देश
सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक पी.सी. मीणा ने अवगत करवाया कि महामारी से डरने की बजाय सावधानी बारे विभिन्न चैनलों पर वृत्तचित्र चलाई जा रही हैं। 
इसके अलावा, जो लोग ठीक हुए हैं उनके फोटो भी विज्ञापनों में दिखाए जाते हैं और लड़ाई से किस प्रकार जीत हासिल की, उनके अनुभव भी चैनलों पर दिखाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए। मुख्यमंत्री ने बाढ़ और भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन की तैयारी पूरी रहनी चाहिए। कई शहरों में पानी भरने की शिकायत आ रही है वहां निकासी का कार्य किया जाना चाहिए। जरूरत से पहले ही सभी पम्प सैट्स चालू स्थिति में होने चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Manisha rana

Recommended News

Related News

static