किसानों की पेमेंट लेट करने वाले आढ़तियों से वसूला जाएगा ब्याज: पीके दास

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2020 - 07:31 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास ने बताया कि गेहूं खरीद के 72 घंटे के अंदर किसानों के खातों में राशि न ट्रांसफर करने वाले आढ़तियों से 15 फीसदी ब्याज वसूला जाएगा। करीब 1.27 लाख किसानों को तय समय में 2990 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध नहीं हुुुई है, जबकि आढ़तियों की ओर से 20 अप्रैल से एक जून तक खरीदे गए गेहूं में से 10416 करोड़ रुपए की राशि किसानों के खातों में डाली गई है।

एक जून तक 1.27 लाख किसानों को 2990 करोड़ रुपए की राशि तय समय पर नहीं दी गई है। राशि देने में देरी करने वाले आढ़तियों से 15 फीसदी का ब्याज वसूला जाएगा। ऐसा करने वाले आढ़तियों को नोटिस जारी होंगे। जो राशि वसूली जाएगी, वह संबंधित किसान के खाते में जमा कराई जाएगी। ताकि किसान को अपनी फसल की राशि देरी से मिलने में होने वाले घाटे की पूर्ति की जा सके। नोटिस की प्रक्रिया इसी सप्ताह शुरू हो सकती है। एक जून तक 3.79 लाख किसानों को ई खरीद के जरिए 8770 करोड़ रुपए आढ़तियों ने दिए हैं, जबकि कनसेंट के जरिए 60 हजार किसानों को 1645 करोड़ रुपए दिए गए हैं।

पीके दास के अनुसार प्रदेश की 1831 मंडियों व खरीद केंद्रों में अबकी बार हरियाणा सरकार की ओर से गेहूं की खरीद की गई है। करीब आठ लाख किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण कराया था। किसानों के लिए एक जून तक 11659.29 करोड़ रुपए की राशि वितरित की गई। इसमें से आढ़तियों ने 10416.33 करोड़ रुपए किसानों के खातों में भेज दिए हैं। ई खरीद के जरिए 8770.85 करोड़ रुपए और कनसेंट के जरिए 1645.48 करोड़ रुपए की राशि किसानों को दी है।

पी के दास के अनुसार सरकार द्वारा जारी की गई राशि में से 5780.56 करोड़ रुपए की राशि 0 से तीन दिनों के अंदर प्रदेश के 252014 किसानों के खाते में आढ़तियों द्वारा डाली गई है। कुछ आढ़तियों ने राशि समय पर नहीं डाली। इस कारण विभाग इनसे ब्याज वसूलेगा और इसके लिए पहले नोटिस भी जारी किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि विभाग की ओर से पहले ही कह दिया गया था कि किसानों के खातों में आढ़तियों को राशि मिलने के तीन दिन के अंदर डालने होंगे, लेकिन फिर भी राशि देरी से मिली।

पीके दास ने कहा कि 89099 किसानों को चार से सात दिनों में 2146.12 करोड़ रुपए की राशि दी गई। जबकि 22372 किसानों को 503.7 करोड़ रुपए की राशि आठ से 10 दिन में, 11903 किसानों को 258.28 करोड़ रुपए की राशि 11 से 15 दिनों में और 4242 किसानों को 82.82 करोड़ रुपए की राशि 16 से 20 दिनों में दी गई। इसके बाद भी जिन आढ़तियों ने देरी से राशि किसानों को दी है या नहीं दी है। उस सारी राशि की गिनती हो रही है। जबकि 1242.96 करोड़ रुपए की राशि किसानों को आढ़तियों द्वारा और दी जानी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static