अमेरिकी नागरिकों को ठगने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, Apple कस्टमर सर्विस के नाम पर करते थे धोखाधड़ी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 08:24 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस ने पालम विहार में फर्जी एप्पल कस्टमर सर्विस बनकर अमेरिका के नागरिकों से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, दो हेडफोन/माइक, दो कार, एक बाइक और एक स्कूटी बरामद की गई है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

दरअसल, साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि प्लॉट नंबर 1208, जे ब्लॉक, पालम विहार में बिना अनुमति फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। जिस पर पुलिस ने मंगलवार को छापेमारी की। मौके पर आरोपी लैपटॉप, मोबाइल और हेडफोन के जरिए एक्स-लाइट डायलर तथा एप्पल फेसटाइम पर अंग्रेजी में विदेशी नागरिकों से बातचीत करते मिले।

 

पुलिस ने मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान प्रितपाल सिंह, मोहम्मद रिजान अंसारी, चैतन्य गोयल, मनीष, शाहरुख अंसारी, संजीव पांडे, शिवम, आदित्य, दीपक त्रिवेदी, वरुण गौतम और नीरज के रूप में हुई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आया कि प्रितपाल सिंह कॉल सेंटर का टीम लीडर था। आरोपी पिछले करीब दो-तीन महीने से मकान किराये पर लेकर फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। प्रत्येक कॉलर को कमीशन के आधार पर रखा गया था, जबकि संचालन कोई अन्य व्यक्ति कर रहा था।

 

आरोपी अमेरिका के नागरिकों को एप्पल कस्टमर सर्विस के नाम पर फोन में वायरस या तकनीकी समस्या होने का झांसा देते थे। इसके बाद उन्हें वर्चुअल टोल फ्री नंबर पर कॉल करने के लिए कहा जाता था। आरोपी खुद को एप्पल कर्मचारी बताकर समस्या दूर करने का भरोसा देते और फेडरल ट्रेड कमीशन (एफटीसी) का फर्जी पत्र दिखाकर पीडि़तों में डर पैदा करते थे। समाधान के नाम पर 10 हजार से 20 हजार अमेरिकी डॉलर तक की ठगी की जाती थी। इसके अलावा गिफ्ट वाउचर और कार्ड के नंबर भी हासिल किए जाते थे। पुलिस ने बताया कि ठगी की रकम कॉल सेंटर संचालक द्वारा उपलब्ध कराए गए विदेशी बैंक खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static