संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती महिला की मौत, दहेज हत्या का लगा आरोप

punjabkesari.in Monday, Oct 14, 2019 - 12:09 PM (IST)

हिसार (ब्यूरो) : जिले के गांव बधावड़ में 27 वर्षीय सोनम की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह गर्भवती थी और लेडी डाक्टर ने 25 अक्तूबर के आस-पास डिलीवरी की तारीख बताई थी। बरवाला थाना पुलिस ने पति कपिल समेत 4 ससुरालजनों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। बिठमड़ा गांव निवासी राजबीर सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि उन्होंने अपनी बेटी सोनम की शादी 26 फरवरी 2018 को बधावड़ गांव के कपिल के साथ की थी।

कपिल दिल्ली के एक निजी अस्पताल में जॉब करता है। पति कपिल, सास मेला देवी, देवर सुनील और ननद मंजु दहेज में मिले सामान से संतुष्ट नहीं हुए थे। कपिल दहेज में कार की डिमांड करता था। सोनम ने मायके में कई बार ससुरालजनों द्वारा प्रताडि़त करने की बात बताई थी और जान का खतरा भी बताया था। सोनम करीब साढ़े 8 महीने की गर्भवती थी। राजबीर सिंह ने बताया कि शनिवार शाम को उनके पास दामाद कपिल का फोन आया था।

उसने बताया कि सोनम की तबीयत खराब है। आप जल्दी आ जाओ। वे बाद में बधावड़ गांव में पहुंचे तो सोनम का शव बरामदे में फर्श पर पड़ा था। उसके गले पर नीले रंग के निशान थे। घर से ससुरालजन फरार हो चुके थे। भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। बरवाला थाना प्रभारी संदीप कुमार सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में ले लिया।

विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम रविवार को सिविल अस्पताल में किया गया। शव का विसरा लेकर जांच के लिए लैब में भेजा गया है। बरवाला थाना पुलिस ने इस बारे में मृतका के पति कपिल, सास मेला देवी, देवर सुनील और ननद मंजु के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static