पी.टी.आई. परीक्षा में नकल के प्रयास का मामला, 5 और सॉल्वर व एजैंट गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2020 - 12:40 PM (IST)

हिसार: एच.टी.एम. थाना पुलिस ने रविवार को दिन में पी.टी.आई. की परीक्षा के दौरान जहाजपुल स्थित गवर्नमैंट सीनियर सैकेंडरी स्कूल में नकल करवाने का प्रयास करते एक कोचिंग सैंटर के संचालक और एक महिला समेत 4 परीक्षार्थियों को पकड़ा था। पुलिस ने देर रात जहाजपुल के पास ब्राह्मण धर्मशाला में छापा मारकर गैंग के 5 सॉल्वर व एजैंट गिरफ्तार किए। पुलिस ने सभी 10 आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जहां से महिला परीक्षार्थी को जेल और जींद के गांव दनौदा के मंदीप को 3 दिन व 8 आरोपियों को 1 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। जहाजपुल स्थित गवर्नमैंट सीनियर सैकेंडरी स्कूल में रविवार को पी.टी.आई. की परीक्षा चल रही थी।

पर्यवेक्षक ने वहां से जींद के गांव दनौदा कलां के मंदीप को आंसर-की के साथ पकड़ा था। उसने प्रश्न सॉल्व कर रखे थे। स्टाफ सदस्यों ने पूछा तो मंदीप ने खुद को जैमर वाली कंपनी का ऑप्रेटर बताया था। यही नहीं, उसने स्टाफ सदस्यों को नकली आई. कार्ड दिखाया था। स्टाफ सदस्यों ने शक होने पर तलाशी लेकर उसे आंसर-की समेत पुलिस के हवाले कर दिया था। वह पटेल नगर निवासी सुनीता को नकल देने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने परीक्षार्थी सुनीता, खांडाखेड़ी के विक्रम, नारनौंद के भूपेंद्र और बास बड़छप्पर के युद्धवीर सिंह को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस पांचों को पकड़कर थाने में ले गई थी। मंदीप ने पूछताछ में बताया कि लितानी के रोहताश और खांडाखेड़ी के कपिल के कहने पर उसने यह सब किया है। हर परीक्षार्थी से 8-8 लाख रुपए में यह सौदा हुआ था। 

उसने बताया कि पेपर सॉल्व करवाने वाले और एजैंट परीक्षा केंद्र के पास की ब्राह्मण धर्मशाला में ठहरे हैं। उन्होंने वहां बैठकर पेपर सॉल्व किया था। पुलिस ने देर रात धर्मशाला में छापा मारकर 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। डी.एस.पी. अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को अब आरोपी रोहताश व कपिल की तलाश है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static