किसानों के आत्मसम्मान को भूल आत्मनिर्भरता की बात कर रही है सरकार: राजन राव

punjabkesari.in Thursday, Feb 04, 2021 - 08:20 PM (IST)

गुरुग्राम (गौरव): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्षा, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा कि आत्मनिर्भरता का राग अलापने वाली भाजपा सरकार किसानों का आत्मसम्मान भूल रही है। भाजपा सरकार यह भी भूल रही है कि किसानों ने ही सबसे पहले देश को आत्मनिर्भर बनाया है।

राव ने कहा कि आज खाद्यान्न उत्पादन में देश पूरी तरह आत्मनिर्भर है। एक समय था जब 30 करोड़ की आबादी के लिए भी बाहर से अनाज मंगवाने को मजबूर होना पड़ता था, लेकिन आज अन्नदाता की मेहनत और हौसले के बलबूते 135 करोड़ की आबादी के बावजूद देश इतना अन्न उगाया जा रहा है कि देश की जरुरत को पूरा करने के साथ बाहर भरपूर मात्रा में निर्यात भी किया जा रहा है। यह आत्ममुग्ध सरकार किसानों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचा आत्मनिर्भरता की बात कर रही है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा डराकर और धमकाकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों की आवाज को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दिल्ली की सीमाओं पर इस कड़ाके की ठंड में बैठे किसानों पर हमले करवा रही है। भाजपा लगातार दोगली बातें कर रही है, एक तरफ पीएम कहते हैं कि किसानों से एक फोन कॉल दूर हूं और दूसरी तरफ केन्द्र सरकार बॉर्डर पर 56 इंच की कीले गड़वा दी। लोकतंत्र मे शांतिपूर्ण आंदोलन करना सभी का अधिकार है। भाजपा अपनी ऐसी ओछी हरकतों से बाज आए। 

राव ने कहा कि भाजपा किसानों को कमजोर समझने की भूल न करे, पूरा देश किसानों के साथ खड़ा है। उन्होंने किसान आंदोलन का गला घोंटने के लिए भाजपा सरकार हर ओछे हथकंडे अपना रही है। भाजपा सरकार की किसान आंदोलन को बदनाम करने की कलई खुलने लग गई है। गणतंत्र दिवस पर लाल किले पर जिन लोगों ने शर्मनाक करतूत की, वह भाजपा के अपने लोग हैं। सरकार द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे किसानों को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्हें आंदोलनस्थल खाली करने के लिए धमकियां दी जा रही हैं। भाजपा के इशारे पर किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। भाजपा द्वारा साजिश के तहत किसानों पर हमले करवाए जा रहे हैं। गाजीपुर बॉर्डर और अब सिंघु बॉर्डर पर जो बंदोबस्त किए गए, वह पूरे देश ने देखे। यह भाजपा की सुनियोजित साजिश है। 

राव ने कहा कि इससे पहले भी भाजपा सरकार ने लगातार किसान आंदोलन को बदनाम करने के लिए तमाम हथकंडे अपनाए हैं। ऐसी हरकतों से किसानों के हौसलों को नहीं डिगाया जा सकता। सरकार का यह क्रूर प्रहार सिर्फ किसानों पर नहीं अपितु हर भारतवासी पर किया जा रहा एक घातक वार है। यह जन-आंदोलन न तो रुकेगा और न ही डिगेगा, पूरा देश किसानों के साथ खड़ा है और खड़ा रहेगा। यह लड़ाई केवल अन्नदाता की नहीं, पूरे देश की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्य और न्याय की लड़ाई में किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। किसानों का संघर्ष अवश्य रंग लाएगा। किसान भाई एकजुटता बनाए रखें। अनुशासन व संयम से शांतिपूर्वक आंदोलन द्वारा अहंकारी सरकार को झुकने पर मजबूर होना पड़ेगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static