जनता के प्रति संवेदशील बने सरकार: राजन राव

punjabkesari.in Saturday, Apr 17, 2021 - 12:27 AM (IST)

गुरुग्राम (गौरव): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्षा, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार में जरा भी संवेदनशीलता नहीं है। बढ़ते कोरोना का बहाना बनाकर प्रदेश के मुखिया किसानों को मानवता की दुहाई दे रहे हैं। प्रदेश के मुखिया बताएं कि उनकी सरकार या उन्होंने खुद व्यक्तिगत तौर पर किसानों के साथ कितनी मानवता दिखाई है? हरियाणा सरकार ने जितनी बर्बरता किसानों के साथ की है उतनी किसी ने नहीं की। आज सीएम मनोहर लाल को ह्यूमनिटी दिख रही है। कोरोना को लेकर सरकार के बंदोबस्त नाकाफी है और सरकार लोगों पर इसका दोषारोपण कर रही है। सरकार के जुल्मों सितम से आज हर कोई आजीज है। सरकार को कहीं तो संवेदशीलता दिखानी चाहिए। 

राव ने कहा कि किसानों के हितों का दम भरने वाली सरकार को सही मायनों में किसान हितों से कोई सरोकार नहीं है। इसकी बानगी सड़क से लेकर मंडियों तक में देखी जा सकती है। फसल खरीद शुरू होने से पहले बड़े बड़े दावे करने वाली सरकार के सारे दावे और वादे फसल खरीद शुरू होने के बाद हवा हवाई साबित हो रहे हैं। अव्यवस्थाओं के बीच सरकार को फसल खरीद की प्रक्रिया रोकनी पड़ी है। यह किसानों के साथ ज्यादती है। 

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में किसान मंडियों में फसल लेकर बैठा है, वह भी सरकार के बुलावे पर। बावजूद इसके समय पर किसानों की फसल नहीं खरीदी जा रही। कृषि कानूनों के विरोध में किसान सड़क से मंडी तक सिवाय परेशानी झेल रहा है और सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। कोरोना के नाम पर भी सरकार लोगों की परेशानी ही बढ़ा रही है। अब शादियों या किसी भी आयोजन के लिए रात में पूर्ण पाबन्दी लगाना समस्या का हल नहीं है। इसके लिए सरकार को दूसरे समाधान करने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार इन गंभीर समस्याओं पर गंभीरता से मंथन कर आगामी रणनीति बनानी चाहिए ताकि आमजन के साथ देश के अन्नदाता को परेशानियों से बचाया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static