पंचकूला टोल पर रोके गए राजस्थान के कांग्रेस-निर्दलीय 18 पार्षद 5 घंटे बाद छोड़े, अंबाला से तिजारा रवाना
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 04:13 PM (IST)
पंचकूला (उमंग) : पंचकूला में आज राजस्थान के खैरथल-तिजारा नगर परिषद में चेयरमैन पद के चुनाव से ठीक पहले हरियाणा में 18 पार्षदों को रोके जाने के मामले ने सियासी माहौल गरमा दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप लगाया था कि हिमाचल प्रदेश से तिजारा लौट रहे कांग्रेस समर्थित और निर्दलीय 18 पार्षदों को चंडीमंदिर-सूरजपुर टोल प्लाजा के पास हरियाणा पुलिस ने रोक लिया था।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक पार्षदों की बस और करीब आठ गाड़ियों को टोल के पास रोका गया और इसके बाद उन्हें पुलिस के साथ ले जाया गया। घटना के विरोध में राजस्थान से कांग्रेस नेता आज पंचकूला पहुंचे और पिंजौर थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया था। नेताओं ने आरोप लगाया कि चेयरमैन पद की वोटिंग से ठीक पहले पार्षदों को रोकने से चुनाव प्रभावित हो सकता है।
5 घंटे बाद अंबाला से रवाना होने का दावा...
ताजा जानकारी के अनुसार करीब पांच घंटे बाद पार्षदों को अंबाला/शाहाबाद क्षेत्र से छोड़े जाने की बात सामने आई है। इसके बाद सभी पार्षद तिजारा के लिए रवाना हो गए। काबिलेजिक्र है कि तिजारा नगर परिषद में कुल 35 वार्ड हैं और चेयरमैन पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 18 है। उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के अनुसार 31 निर्दलीय, 3 भाजपा और 1 कांग्रेस पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
कांग्रेस का दावा है कि 17 निर्दलीय पार्षद उसके साथ हैं, जिससे उसका आंकड़ा 18 हो जाता है। ऐसे में वोटिंग से ठीक पहले 18 पार्षदों को रोके जाने का विवाद बेहद महत्वपूर्ण हो गया।