हरियाणा में 12 केस यूके स्ट्रेन के मिले, यह काफी गंभीर मामला है: राजीव

punjabkesari.in Saturday, Apr 17, 2021 - 09:46 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा में कोरोना की भयावह स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार हर रणनीति के साथ काम कर रही है। प्रदेश में UK स्ट्रेन के केस मिलने से यह स्थिति और गंभीर हुई है। लेकिन इसके लिए घबराने या भयभीत होने की जरूरत की बजाय जागरूकता और सावधानियों की जरूरत है। सप्लाई चैन बहुत मजबूत है। प्रदेश में ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और ट्रेंड स्टाफ की कमी नहीं है। प्रदेश सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है। यह बात आज हरियाणा के स्वास्थ्य एवं गृह विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी राजीव अरोड़ा ने पंजाब केसरी से बातचीत के दौरान कही। 

उन्होंने कहा प्रदेश में 45 साल से ऊपर के 60 लाख जनसंख्या को मई तक कवर कर लिया जाएगा। सैंपलिंग की स्पीड काफी बढ़ाई गई है। लेकिन जनता के सहयोग के बिना इस लड़ाई को जीतना संभव नहीं है। जनता अगर आत्म अनुशासन और खुद पर पाबंदी रखेगी तो यह लड़ाई जीतना बहुत आसान रहेगा। बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं:-

प्रश्न- प्रदेश में यूके व अन्य देशों के स्ट्रेन मिले है। वह कितने हैं और यह कितना गंभीर विषय है ?
उत्तर- बिल्कुल सही कह रहे हैं आप। हरियाणा में कुल ऐसे 12 संक्रमित पाए गए हैं। इसमें करनाल में 10 और गुरुग्राम में 2 केस यूके स्ट्रेन के मिले हैं। यह बहुत गंभीर विषय है। इस स्ट्रेन का ट्रांसमिशन बहुत फास्ट है, जोकि बहुत तेजी से अपनी पकड़ बना रहा है। सरकार इसे काफी गंभीरता से ले रही है।

प्रश्न- क्या दिल्ली की सीमाएं सील की जा सकती हैं?
उत्तर- अभी ऐसा कोई फैसला नहीं लिया जाना है। स्थिति को कंट्रोल करने को लेकर प्रदेश सरकार पूरी तरह से अलर्ट है और हर संभव काम किए जा रहे हैं।

प्रश्न- क्या लॉक डाउन की जरूरत आप मानते हैं ?
उत्तर- यह पॉलिसी डिसीजन है। यह मेरे स्तर का फैसला नहीं है। प्रदेश का नेतृत्व जो भी आदेश देगा उस पर हमने काम करना है।

प्रश्न- एनसीआर में कई जगह जैसे गुड़गांव-फरीदाबाद इत्यादि में बढ़ रहे पॉजिटिव केसों से निपटने की क्या तैयारियां हैं ?
उत्तर- हम हर रणनीति के तहत काम कर रहे हैं। हमने प्रदेश में टेस्टिंग, आइसोलेशन बढ़ा दी है और वैक्सीनेशन में बहुत स्पीड बढ़ाई है। प्रदेश में 35 से 40 हजार टेस्ट प्रतिदिन किए जा रहे है। प्रदेश के सभी विभाग अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करने में लगे हुए हैं। जनता के सहयोग से हम इस पर काबू पा लेंगे।

प्रश्न- कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लेने के बावजूद पॉजिटिव होने के केस सामने आ रहे हैं। इसे कैसे देखते हैं ?
उत्तर- ऐसे बहुत कम मामले संज्ञान में आए हैं। प्रदेश सरकार कॉविड से जुड़ी हर बात को गंभीरता से ले रही है और अगर कोई मामला इस प्रकार का सामने आया है या आता है तो हम इसे भी हल्के में नहीं लेंगे।

प्रश्न- कोरोना आखिर इतनी भयावह स्थिति में दोबारा कैसे लौटा। क्या मानते हैं ?
उत्तर- फरवरी-मार्च में प्रदेश में बहुत कम के सामने आने लगे थे। जिसे लेकर आमजन लापरवाह हो गया। जगह-जगह भीड़-भाड़ जुटने लगी। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा हरियाणा ही नहीं पूरा देश आज इस दोबारा लौटे संक्रमण से अछूता नहीं है। यह सब कोरोना को गंभीर न लेने के कारण हुआ है। लेकिन सरकार हर रणनीति पर काम कर रही है। दूसरी वेब बहुत आक्रामक रूप में लौटी है। यह बहुत स्पीड से ट्रांसमिशन तो हो ही रही है। इसके साथ-साथ इससे संक्रमित होने के बाद पहले से अधिक दिन में मरीज ठीक हो पा रहा है। इसके साथ ही जनवरी-फरवरी में एक तरफ तो केस कम हुए साथ ही साथ वैक्सीन भी आ गई। जिससे लोगों में आत्मविश्वास बढ़ गया और वह लापरवाह हो गए। जिसके चलते दोबारा से एक बड़ी लड़ाई लड़नी पड़ेगी। हर व्यक्ति आज दूसरी वेब से भयभीत है। लेकिन भयभीत होने की बजाए सावधानियों की जरूरत है।

प्रश्न- इसे कंट्रोल कैसे किया जाएगा ?
उत्तर- एनसीआर समेत हरियाणा में केसों में काफी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। लेकिन हमें उम्मीद है कि 7 से 10 दिनों में स्वास्थ्य कर्मियों की अथक मेहनत और जनता के सहयोग से हम इसे काबू करने में सफलता हासिल कर लेंगे। जिस प्रकार से करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला की स्थिति लगभग सामान्य है। इसी प्रकार से उम्मीद करता हूं कि पूरे प्रदेश में इसी प्रकार की स्थिति हम बना पाएंगे।

प्रश्न- किस प्रकार की पाबंदियां लगाई गई हैं ?
उत्तर- फिलहाल प्रदेश में सीमित पाबंदियां लगाई गई है। पूर्ण पाबंदियों की स्थिति अभी नहीं है। 15 दिनों में रीक्रिएशन बढ़ाई गई है। स्कूल, कालेज, टेक्निकल संस्थान सभी को 30 अप्रैल तक बंद करने के आदेश है। लेकिन हाल ही तक लिए गए फैसलों का लाभ तभी होगा जब हम खुद को पर पाबंदी लागू करेंगे। आत्म अनुशासन में रहकर इस समय को काटना अति आवश्यक है। इसी से हम अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा कर पाएंगे।

प्रश्न- आज सरकार किन रणनीतियों पर काम कर रही है ?
उत्तर- सरकार हर लेवल पर रणनीति का उपयोग कर रही है। प्रदेश सरकार ने वैक्सीनेशन की स्पीड बहुत अधिक कर दी है। गुरुग्राम-फरीदाबाद में रिकॉर्ड तोड़ सैंपलिंग और वैक्सीनेशन की जा रही है। प्रदेश में न तो बेड्स की कमी है, ना अक्सीजन की और ना ही वेंटीलेटर की। 70 से 75 फ़ीसदी संक्रमित लोगों होम आइसोलेशन पर रखा जा रहा है। जिस पर प्रशासन की पूरी नजर रहती है। पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन ट्रेंड स्टाफ सरकारी अस्पतालों और सरकारी संस्थानों में उपलब्ध है। जिसके दम पर हम कह सकते हैं कि हम इस लड़ाई को पहले की तरह जीत कर दिखाएंगे।

प्रश्न- प्रदेश में वैक्सीनेशन की स्थिति क्या है ?
उत्तर- वैक्सीनेशन की स्पीड हमने काफी बढ़ा दी है। ट्रेंड स्टाफ दिन-रात एक करके वैक्सीन दे रहा है। प्रदेश में 31 लाख लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। जो कि अप्रैल माह समाप्त होने तक 35 लाख का आंकड़ा पार कर लिया जाएगा। हमारे पास आज के दिन 10 लाख वैक्सीन का स्टॉक है और 15 लाख पाइप लाइन में है। प्रदेश में लगभग 60 लाख जनसंख्या 45 वर्ष से ऊपर के लोगों की है जो कि मई माह तक हम सभी को वैक्सीन लगा देंगे।

प्रश्न- क्या प्रदेश की सप्लाई चैन सही ढंग से काम कर रही है ?
उत्तर- हरियाणा की सप्लाई चैन बहुत अच्छी और बेहतरीन तरीके से काम कर रही है। हमने स्टेट की तरफ से कुछ साल पहले एक रोटावायरस का अलग से पीसीवी वैक्सीन को इस्तेमाल किया था। स्टेट लेवल पर वेयरहाउस, रीजनल वेयरहाउस, हर जिले में वेयरहाउस, मोबिलिटी के लिए रेफ्रिजरेटर वैन हमारे पास थी और पुराने अनुभवों के आधार पर सप्लाई की सफल चैंन सक्षमता से कार्य कर रही थी।

प्रश्न- प्रदेश में किस प्रकार की गाइडलाइन जारी की गई हैं ?
उत्तर- कंटेनमेंट जोन में रह रहे कर्मचारियों को कंटेनमेंट जोन के डी नोटिफाई होने तक कार्यालय आने से छूट रहेगी। कार्यालय आने वाले अधिकारी-कर्मचारी कोविड से बचाव के लिए कार्यालय में मास्क लगाने, बार-बार हाथ सैनिटाइज करने और 2 गज की दूरी जैसे निर्देशों का पालन करेंगे। लिफ्ट, कॉरिडोर, कैंटीन आदि स्थलों पर भीड़ न करने का सख्ती से पालन करने और आवश्यक मीटिंग को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ही करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के साथ ही 45 से ऊपर की उम्र वालों के सभी अधिकारी कर्मचारी को वैक्सीन लगवाने की भी सलाह दी गई है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static