रणजीत सिंह चौटाला का बयान, बोले- राहुल गांधी ऐसा नेता जिनके बस नहीं है कुछ भी

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2020 - 02:55 PM (IST)

सिरसा (सतनाम): हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। देश व प्रदेश में अब कांग्रेस का अस्तित्व खतरे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसा सेनापति हैं जिनके बस में कुछ भी नहीं है। सेनापति खुद अपनी फौज को काटने में जुटे हैं। शरद पवार, ममता बनर्जी, सिंधिया, सचिन पायलट के बाद अब जगन रेड्डी भी पार्टी से बाहर हो चुके हैं। राहुल गांधी का एक्शन कांग्रेस को खत्म कर रहा है। कैबिनेट मंत्री आज अपने आवास पर जनसमस्याएं सुनने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान राम मंदिर निर्माण शुरू होने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में रणजीत चौटाला ने कहा कि कल का दिन देश के लिए ऐतिहासिक दिन था। भगवान राम से बड़ा कोई भी नहीं है। दीपावली के अवसर पर होने वाली दीपमाला लोगों ने कल भी की और खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण में देश के प्रत्येक नागरिक का सहयोग रहेगा। भव्य मंदिर बनने के बाद देश ही नहीं विदेशों का प्रत्येक नागरिक मंदिर देखने आएगा।

लाइन लोस घटने से बिजली निगम को हुआ करोड़ों का फायदा 
बिजली सुधार को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 5000 ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। नंबवर तक 10 हजार कनेक्शन देकर वर्ष 2018 तक की वेटिंग लिस्ट समाप्त कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लाइन लोस घटने से बिजली निगम को करोड़ों का फायदा हुआ है।

मिलीभगत कर नशा व मोबाइल जेल में पहुंचाने वालों पर हो रही सख्त कार्रवाई
वहीं जेलों में सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश की जेलों में कोई बड़ी वारदात न होना इसका प्रमाण हैं कि सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त हैं। जेलों में मोबाइल मिलने में जेल के कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत होती है। इसको रोकने के लिए सरकार पूरी तरह से सख्ती बरत रही है। सभी जेल अधीक्षकों को चैकिंग करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। मिलीभगत करने वाले अधिकारियों पर भी सख्ती दिखाई जा रही है।

बरोदा उपचुनाव में भाजपा की जीत का किया दावा
बरोदा उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में रणजीत चौटाला ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में दोबारा भाजपा सरकार बनना जनहितैषी नीतियों का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सभी सुविधाओं को ऑनलाइन कर पारदर्शिता से काम किया है। उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव में भाजपा की 100 प्रतिशत जीत होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static