भयानक सड़क हादसे में कांग्रेस नेता के बेटे और भांजे की मौत, मां-बाप का इकलौता बेटा था प्रज्जवल

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2020 - 09:20 PM (IST)

यमुनानगर (सुमित): हरियाणा के यमुनागर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांग्रेस नेता के बेटे और उनके भांजे की मौत हो गई। यह हादसा बूड़िया रोड पर हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु दी है। 

PunjabKesari, haryana

जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता व पूर्व पैक्स निदेशक गांव नाभ निवासी बोधराज के बेटे 27 वर्षीय विक्रांत कांबोज व भांजे फतेहपुर निवासी 22 वर्षीय प्रज्जवल कांबोज कार में किसी काम से जगाधरी आए हुए थे। शाम को वह विजय नगर काॅलोनी में अपने चाचा घसीटू राम के पास चले गए। यहां से दोनों देर रात वापस लौट रहे थे। 

कार को विक्रांत चला रहा था। जब वह बूड़िया रोड पर इंडियन पब्लिक स्कूल के सामने पहुंचे, तो सामने से तेज रफ्तार ट्रक आया और उनकी कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार चला रहा विक्रांत व उसके बराबर में बैठा प्रज्जवल भी बीच में फंस गए। राहगीरों ने हादसा देख किसी तरह से उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल में भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

PunjabKesari, haryana

मां-बाप का इकलौता बेटा था प्रज्जवल  
जानकारी के अनुसार प्रज्जवल अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। उसकी मौत से गांव में मातम का पसर गया। आज जब शवों का पोस्टमार्टम हुआ, तो भारी संख्या में गांव वाले वहां पहुंच गए। वहीं मृतक विक्रांत की दो साल पहले शादी हुई थी। उसकी छह माह की बेटी है। मृतक विक्रांत की मां मौजूदा पैक्स निदेशक भी है।

ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज
इस बारे पुलिस जांच अधिकारी जय पाल ने बताया कि मामले में मृतक के चाचा की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static