सिक्योरिटी गार्ड की पीट-पीटकर की निर्मम हत्या, नाखून तक निकाल दिए

punjabkesari.in Sunday, Aug 15, 2021 - 10:51 AM (IST)

गुडग़ांव (ब्यूरो): उद्योग विहार थाना क्षेत्र में ड्यूटी जा रहे कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड को अज्ञात लोगों ने पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सड़क किनारे पड़े सिक्योरिटी गार्ड को देखकर राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। दिल्ली में अस्पताल प्रबंधन ने उसे भर्ती नहीं किया, जिसके कारण परिजन उसे वापस गुरुग्राम ला रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।  पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। 

मूलरूप से बदायूं उत्तर प्रदेश निवासी शेर सिंह गुरुग्राम की छिपी कॉलोनी में परिवार समेत किराए पर रहते थे। वह उद्योग विहार फेज-4 की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड थे। शेर सिंह की पत्नी अन्नू ने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त को शेर सिंह कंपनी से खाना खाने के लिए घर आए थे। वापस कंपनी जाते हुए दोपहर को उन्हें किसी व्यक्ति ने बुलवाया। शेर सिंह ने उनके पास जाने से इंकार कर दिया। आरोप है कि आवाज देने वाले व्यक्ति शेर सिंह को जबरन एक कंपनी के अंदर ले गए और उसके साथ लाठी-डंडों से बुरी तरह से मारपीट की। आरोपियों ने शेर सिंह के हाथ के नाखून भी खींच दिए। उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंक दिया। 

राहगीर ने गंभीर रूप से घायल शेर सिंह को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाते हुए उसके परिजनों को सूचना दी। सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल ने शेर सिंह की हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि परिजन उसे एंबुलेंस से दिल्ली ले गए लेकिन वहां चिकित्सकों ने शेर सिंह को भर्ती करने से इंकार कर दिया और वापस गुरुग्राम भेज दिया। वापस आते हुए शेर सिंह ने एंबुलेंस में ही दम तोड दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. दीपक माथुर ने बताया कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पड़े हुए हैं। उसे बुरी तरह से पीटा गया है। जिसके कारण उसकी मौत होना माना जा रहा है। उद्योग विहार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतबीर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल वारदात के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। जिस स्थान पर शेर सिंह गंभीर हालत में पड़ा मिला था वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static