देश को एक सूत्र में पिरोने में सरदार बल्लभ भाई पटेल का महत्वपूर्ण योगदान : कुलपति

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2020 - 02:08 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीता खन्ना ने कहा कि लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल देश की एकता व अखण्डता के प्रतीक हैं। राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को देखते हुए उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में देशभर में मनाया जाता है। आज के दिन प्रत्येक भारतीय को देश की एकता व अखण्डता के लिए सरदार पटेल जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए शपथ लेने की जरूरत है। वे शनिवार को सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित ऑनलाईन कार्यक्रम में बोल रही थी। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना के साथ हुई।

कुलपति डॉ. नीता खन्ना ने कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण के शिल्पकार लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाना, हम सभी देशवासियों के लिए भारत की सुरक्षा, एकता और अखण्डता को मजबूत करने का एक उत्तम अवसर है। इस दिन हम सभी राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता को अधिक सुदृढ़ कर सकते हैं। उनके प्रयासों से ही आज हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश कहलाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को देश की एकता व अखण्डता के लिए काम करने की जरूरत है क्योंकि विश्व में हमारी पहचान हमारी एकता के कारण ही है। भारत ने हमेशा विश्व को शान्ति का संदेश दिया है। आज हमें अपने महान महापुरूषों के आदर्श जीवन की प्रेरणा लेकर आगे बढऩे की जरूरत है। इस अवसर पर कुलपति ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलवाई।

कुलपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में उनके द्वारा दिए गए मंत्रों ‘‘दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी’’, ‘‘जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं’’ के कारण कोविड-19 की लड़ाई में भारत सबसे आगे है। यह सब हमारे संस्कारों में व्याप्त एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव एवं सहयोग के कारण ही संभव हो पाया है।

कुलपति ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं कुलाधिपति श्री सत्यदेव नारायण आर्य के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं युवा, समाज कल्याण के कार्यों जैसे बाल विवाह, दहेज प्रथा, लिंग जांच, तम्बाकू सेवन, एचआईवी जागरूकता, जल संरक्षण, राष्ट्रीय एकता, रोजगार, आपदा प्रबंधन, कोविड-19 जागरूकता अभियान, स्वच्छता अभियान, फिट इंडिया मूवमेंट, जलशक्ति अभियान, रोड सेफ्टी, संविधान दिवस, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं, नशा मुक्ति में अपनी अहम् भूमिका निभा रहे हैं। हमारा देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़े एवं सभी देशवासी स्वस्थ एवं सुखी रहे। 

उन्होंने अपील की कि सभी शिक्षक, कर्मचारी व विद्यार्थी कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए एकता एवं समरसता के साथ सामाजिक जीवन की जिम्मेवारियों का निर्वहन करें। कुलसचिव डॉ. भगवान सिंह चौधरी ने कहा कि आज का दिन अत्यंत गौरवशाली है। सरदार बल्लभ भाई पटेल ने पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उन्होंने असाधारण कर्मठता के साथ देश की सेवा की। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अग्रणी भूमिका निभाई।

राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस ऑनलाईन कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. भगवान सिंह चौधरी, डीन एकेडमिक अफेयर प्रो. मंजूला चौधरी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अनिल वशिष्ठ सहित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया व सभी ने राष्ट्रीय एकता के लिए संगठित होकर देश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का प्रण लिया।

इस मौके पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अनिल वशिष्ठ ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि पहले आज के दिन रन फार यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाता था परन्तु कोविड वैश्विक महामारी के कारण इस बार आनलाईन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि  युवा किसी राष्ट्र का भविष्य हें। देश के युवा संगठित होकर जितना रहेंगे भारत उतनी ही तेजी के साथ विकास करेगा। डॉ. वनिता ढींगरा ने सभी का धन्यवाद प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीषा संधू ने किया। अंत में एडवोकेट महिमा सिंह ने भी विद्यार्थियों को नेशनल विजिलेंस वीक के बारे में सम्बोधित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static