प्रदेश सरकार के सात साल, सात कमाल लेकर जनता के बीच जाएगी भाजपा: धनखड़

punjabkesari.in Friday, Oct 08, 2021 - 05:54 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि अक्तूबर महीने में प्रदेश सरकार के सात साल और गठबंधन के दो साल पूरे हो रहे हैं। जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों के कार्यक्रमों को सात साल, सात कमाल के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। अक्तूबर की 27 तारीख को प्रदेश सरकार के 7 साल पूरे होने के साथ ही डॉ मंगल सेन की जयंती भी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित एम एल ए फ्लेट 51, भाजपा कार्यालय में प्रदेश महामंत्रियों के साथ हुई एक बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। 

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ संजय शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख संजय आहूजा, प्रदेश प्रवक्ता सुदेश कटारिया और भाजपा के प्रदेश पैनलिस्ट कृष्ण ढुल मौजूद रहे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार के सात साल और गठबंधन सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रदेश सरकार की नीतियों और उपलब्धियों से जुड़े विषयों पर पूरे महीने कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 

उन्होंने कहा कि सरकार के सभी मंत्री सात जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यमों से प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर बात करेंगे। धनखड़ ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रयासों से आम लोगों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं। किसान से लेकर मजदुर सबके लिए भाजपा सरकार ने काम किए है। किसानों को जोखिम फ्री खेती-फसल बीमा, भावांतर भरपाई, 8 हजार करोड़ का मुआवजा दिया गया। किसान की सहायता के लिए किए गए ये काम एक अच्छे प्रयास की तरफ इशारा करते है। इसी तरह प्रदेश सरकार ने एम एस पी पर देश में सबसे अधिक फसलों की खरीद करके किसानों को सहारा दिया है। बेहतर जल प्रबंधन से प्रदेश के दक्षिणी छोर पर टेल तक पानी पहुंचा है।

धनखड़ ने कहा कि पारदर्शी शासन से युवाओं और आम जनता को भ्रष्टाचार से मुक्ति मिली है। ऑनलाइन बदली, डायरेक्ट बेनेफिशरीज, ऑनलाइन 551 सेवाएं समेत एक-एक काम प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित हो रहे है। उन्होंने कहा गरीब-मजदुर, युवा-खिलाड़ी, सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इन्हीं योजनाओं को लेकर हर रोज प्रदेश के विभिन्न वर्गों के लोग मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद करने उनसे मिलने मुख्यमंत्री निवास पर आ रहे है । इसके साथ केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर धन्यवाद कर रहे हैं।

इसके साथ उन्होंने कहा कि इसी संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी ने 13 अक्तूबर को पंचकूला में प्रदेश परिषद की बैठक बुलाई है जिसमें इन कार्यक्रमों और ऐलनाबाद उपचुनाव से जुड़ी तैयारियों के नाते विशेष दिशा निर्देश दिए जाएंगे। इस प्रदेश परिषद बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से 3500 से अधिक कार्यकर्ता मौजूद होंगे। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी एक लोकतांत्रिक पार्टी है, इसके कार्यकर्ता लोकतंत्र के सिपाही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static