दवा लेने में आनाकानी कर रहा राम रहीम, हनीप्रीत को बनाया गया अटेंडेंट: सूत्र

punjabkesari.in Monday, Jun 07, 2021 - 12:46 PM (IST)

गुरुग्राम: साध्वी यौन शोषण मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा गुरमीत राम रहीम बीते दिन तबियत खराब होने के चलते गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां जांच में राम रहीम कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बताया जा रहा है कि बीते दिन राम रहीम जब अस्पताल लाया गया तो वह अपनी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत से मिलने के लिए हंगामा कर रहा था।



वहीं आज जानकारी मिली है कि हनीप्रीत मेदांता में गुरमीत राम रहीम से मिलने के लिए सुबह 8.30 बजे पहुंच गई थी। राम रहीम को मेदांता के 9वी मंजिल पर 4643 रूम में रखा गया है। सूत्र बताते हैं कि हनीप्रीत ने अपना राम रहीम के अटेंडेंट के रूप में कार्ड बनवाया है, जिससे वह रोजाना राम रहीम से मिलने उसके कमरे में जा सकती है। 15 जून तक के लिए हनीप्रीत को राम रहीम की देख भाल के लिए अटेंडेंट का कार्ड दिया गया है। यह भी बताया गया कि राम रहीम दवाई लेने और टेस्ट करवाने में भी आनाकानी कर रहा है।



बता दें कि हाल ही में राम रहीम को पेट में दर्द के चलते पीजीआई रोहतक में जांच के लिए लाया गया था। जहां उसके पेट का सीटी स्कैन, एंजियोग्राफी और फाइब्रो स्कैन हुए थे। सूत्रों के मुताबिक राम रहीम के जो टेस्ट होने थे, उसकी सुविधा पीजीआईएमएस में नहीं है। डॉक्टरों के पैनल ने एम्स में जांच कराने की सलाह दी थी, लेकिन कोरोना की वजह से वहां टेस्ट बंद हैं। ऐसे में राम रहीम का मेडिकल टेस्ट गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।



इससे पहले 3 जून को राम रहीम सिंह को रोहतक की सुनारिया जेल से भारी पुलिस सुरक्षा में पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ले जाया गया था। जहां डेरा प्रमुख की कुछ जांच हुई, जिनमें पेट का सीटी स्कैन भी शामिल है। बाद में उसे वापस जेल भेज दिया गया। राम रहीम को तीन हफ्ते पहले चक्कर आने और रक्तचाप में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद पीजीआई में भर्ती कराया गया था। उस समय अस्पताल में रात भर रखने के बाद डेरा प्रमुख को छुट्टी दे दी गई थी। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static