चुनाव परिणामों पर प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप का मंथन

punjabkesari.in Monday, Nov 18, 2019 - 10:46 AM (IST)

फरीदाबाद(महावीर) : प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप के सदस्यों की बैठक में विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर दिल्ली में समीक्षा की गई। दिल्ली के हरियाणा भवन में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री सहित अनेक सदस्य शामिल हुए जिनमें प्रमुख रूप से राष्ट्रीय संगठन सचिव बी.एल.संतोष, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, अनिल विज, संजय भाटिया, कैप्टन अभिमन्यु, कृष्णपाल गुर्जर, रतनलाल कटारिया, ओ.पी.धनखड़, सुधा यादव,सुरेश भट्ट मौजूद रहे। बैठक को अधिकारिक तौर पर तो संगठन से संबंधित बताया गया परंतु सूत्रों की मानें तो बैठक में भाजपा के विधानसभा चुनावों में प्रदर्शन व जजपा-भाजपा गठबंधन पर भी चर्चा हुई। लगभग ढाई घंटे चली बैठक में संगठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। 

विधानसभा चुनाव परिणामों व सरकार के गठन के बाद भाजपा कोर ग्रुप की आयोजित हुई पहली बैठक में चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन पर चर्चा हुई। इसके साथ-साथ सूत्रों की मानें तो बैठक में भाजपा-जजपा गठबंधन को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में चुनावों की समीक्षा दौरान भाजपा को बहुमत न मिलने के क्या कारण सामने आए,इसका खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं ने कम सीटों को लेकर अपनी-अपनी राय रखी। इसके साथ-साथ निर्दलीय विधायकों को साथ लेकर सरकार बनाने की बजाय जजपा के साथ को लेकर भी चर्चा हुई लेकिन इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई। 

अधिकारिक तौर पर इस बैठक को संगठन चुनाव से संबंधित बताया गया लेकिन सूत्रों की मानें तो बैठक विधानसभा चुनावों व गठबंधन के मामले पर ही केंद्रित रही। बैठक प्रात:11 बजे होनी थी लेकिन भाजपा के संगठन सचिव बी.एल.संतोष की फ्लाइट में देरी होने से बैठक लगभग ढाई बजे शुरू हुई। हालांकि मुख्यमंत्री को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा पावेलियन का अवलोकन करने के लिए जाना था इसलिए वे जल्दी चले गए लेकिन इसके बावजूद विधानसभा चुनावों में भाजपा के निराशाजनक प्रदर्शन के कारणों पर चर्चा हुई।

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सूरजकुंड में
दिल्ली में आयोजित हुई भाजपा कोर ग्रुप की बैठक के बाद भाजपा ने औपचारिक रूप से तो अधिक जानकारी नहीं दी लेकिन सूत्रों की मानें तो भाजपा पदाधिकारियों से फीडबैक 23 नवम्बर को सूरजकुंड में कार्यसमिति बैठक आयोजित करेगी। इस बैठक में भाजपा विस्तृत चर्चा करेगी। सूत्रों की मानें तो इससे पूर्व भाजपा 2 सत्र आयोजित करेगी जिसमें एक सत्र जीते हुए भाजपा विधायकों का होगा और एक सत्र हारे हुए भाजपा प्रत्याशियों का होगा। इन सत्रों में अलग-अलग रणनीति तहत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे और नवनिर्वाचित विधायकों व हारे हुए प्रत्याशियों के सुझाव भी लिए जाएंगे। 

पदाधिकारियों से लेंगे फीडबैक : बराला
हरियाणा भवन में आयोजित भाजपा कोर ग्रुप की बैठक के समापन के बाद पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि 19,20,21 व 22 नवम्बर को भाजपा शक्ति केंद्र से ऊपर के सभी संगठनों से फीडबैक लिया जाएगा। इसी फीडबैक के आधार पर संगठन को तैयार किया जाएगा ताकि आने वाले समय में भाजपा और मजबूती के साथ दिखाई दे। बराला ने कहा कि कोर गु्रप की बैठक में विधानसभा चुनावों की समीक्षा को लेकर उतनी चर्चा नहीं हो पाई जितनी होनी चाहिए थी इसलिए जल्द ही इस संदर्भ में पुन: चर्चा की जाएगी। सुभाष बराला ने यह भी स्पष्ट किया कि जल्द ही उसके बाद सभी जीते हुए भाजपा विधायकों तथा हारे हुए भाजपा प्रत्याशियों की समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें सभी के सुझाव लिए जाएंगे ताकि उन पर मजबूती से कार्य किया जा सके। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static