ओमिक्रॉन पर सख्ती: हरियाणा में आज रात से नाइट कर्फ्यू, एंट्री के लिए दोनों डोज जरूरी

punjabkesari.in Friday, Dec 24, 2021 - 08:02 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए सख्ती बरतने के आदेश जारी कर दिए हैं। खट्टर सरकार ने हरियाणा में आज रात से नाइट कर्फ्यू लगाने के आदेश जारी कर दिए। सीएम खट्टर ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए  पब्लिक सेक्टर से संबंधित संस्थानों में एंट्री के लिए वैक्सिनेशन की दोनों डोज को अनिवार्य की जाए। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों व अन्य कार्यक्रमों में 200 से अधिक लोगों के एकत्र होने तथा रात्रि में 11 बजे से प्रात: 5 बजे तक लोगों के आवागमन को प्रतिबंधित किया जाए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को कोविड समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए जरूरी है कि लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। वैक्सिनेशन की तरफ अधिक ध्यान दिया जाए। स्वास्थ्य विभाग कोविड मामलों से निपटने के लिए अपनी सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ले। उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरी हो, वहां पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर रोक वाले आदेशों की वजह से 23 दिसंबर को एक लाख से अधिक लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई है। इसके अलावा विभाग की ओर से 30-32 हजार रोगियों की टेस्टिंग प्रतिदिन की जा रही है और पॉजिटिव पाए जाने व्यक्तियों के लिए संपूर्ण जीन सीक्वेंसिंग के लिए भेजा जा रहा है।

बैठक में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास, शिक्षा विभाग केे अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. महावीर सिंह, मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग की प्रधान सचिव जी अनुपमा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारियों ने भाग लिया।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static