सुरजेवाला और मुख्यमंत्री खट्टर में बजट पर वार-पलटवार का सिलसिला जारी

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2020 - 11:54 PM (IST)

करनाल/चंडीगढ़ (धरणी): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्र व कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला में हरियाणा के बजट पर वार पलटवार का सिलसिला जारी है। एक ओर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरजेवाला का गणित कमजोर है। जिसपर सुरजेवाला ने पलटवार करते हुए कहा कि गणित पर खुली बहस के लिए वे तैयार हैं मुख्यमंत्री खट्टर जगह और स्थान तय करें। हरियाणा पर बढ़ते कर्जे के मामले पर सुरजेवाला और मुख्यमंत्री मनोहर के बीच चली तनातनी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। आज भी दोनों नेताओं में वार-पलटवार का सिलसिला जारी रहा।

करनाल में मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि सुरजेवाला का गणित कमजोर है, वो सही करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने सुरजेवाला के उस बयान पर पलटवार किया था जिसमें सुरजेवाला ने कहा था कि हरियाणा कर्ज में डूब रहा है और हरियाणा पर 1,98,700 करोड़ रुपए कर्ज का बोझ हो गया है। सुरजेवाला ने कल कहा था कि भाजपा ने हरियाणा को "आर्थिक दिवालियेपन" की ओर धकेल दिया, 5 साल में हरियाणा का कर्ज 280 प्रतिशत बढ़ा है, 1966-67 से 2014-15 तक 48 साल में कर्ज 70,931 करोड़ रुपए था, जो पिछले साढ़े पांच साल में कर्ज 1,98,700 करोड़ रुपए हो गया। उन्होंने पूछा था कि हर हरियाणावी पर 78,228 रुपए का कर्ज क्यों और 1,27,769 करोड़ रुपए कर्ज का पैसा गया कहाँ ?

खट्टर के वार पर सुरजेवाला ने देर शाम ट्वीट कर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री को सीधी बहस की चुनौती देते हुए कहा कि "आदरणीय खट्टर जी, आइए, गणित पर खुली बहस हो जाए, जगह और स्थान आप तय करें।" सुरजेवाला ने कहा की बहस होनी चाहिए कि "हरियाणा प्रांत को 1,98,700 करोड़ रुपए कर्ज के नीचे आपने व भाजपा ने कैसे डुबोया? हर हरियाणावी पर 78,228 रुपए का कर्ज क्यों? 1,27,769 करोड़  रुपए कर्ज का पैसा गया कहाँ? इंतज़ार रहेगा!"

उन्होंने कहा कि खट्टर जी, ये गणित भी बताइए की बिजली का बजट 43 प्रतिशत घटाकर 7,500 करोड़ रुपए और ट्रांसपोर्ट का बजट 34.9 प्रतिशत घटाकर 3,541 करोड़ रुपए क्यों किया? बजट कम होने से बिजली की उपलब्धता कम हो जाएगी। जो मिलेगी वो महंगी हो जाएगी, इसी प्रकार हरियाणा रोडवेज बस नहीं खरीद पाएगी, जिससे रोडवेज को प्राइवेट बसों पर निर्भर रहना होगा। दिलचस्प होगा कि मुख्यमंत्री खट्टर सुरजेवाला की बहस की चुनौती की क्या जवाब देते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static