नूंह में सनसनी: दिल्ली-अलवर रोड पर दुकान के बाहर सो रहे बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, कान के पास मिला गहरा जख्म

punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 12:15 PM (IST)

नूंह (ऐके बघेल): नूंह जिले के सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रावली गांव के पास दिल्ली-अलवर रोड पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 58 वर्षीय किराना दुकानदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान और कान के पास गहरा जख्म मिला है, जिसके बाद परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

 मृतक की पहचान इदरीश कुरेशी (पुत्र जुम्मा, उम्र 58 वर्ष, निवासी रावली) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, इदरीश रोज की तरह शनिवार रात भी अपनी किराने की दुकान बंद करके बाहर टीन शेड के नीचे सोए थे। रविवार सुबह जब परिजन और ग्रामीण उन्हें नमाज के लिए जगाने पहुंचे, तो काफी आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पास जाकर देखने पर इदरीश खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे और उनके कान के पास गहरा जख्म था।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मामला संदेहास्पद होने के कारण सदर थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र, डीएसपी हरदीप सिंह और फोरेंसिक (FSL) टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य (Evidence) जुटाए हैं।

CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस मामले को हर एंगल से जांच रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और साक्ष्यों की जांच के बाद ही हो पाएगा।

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static