निगमायुक्त की फटकार के बाद हरकत में आई टैक्सेशन शाखा, 100 करोड़ से अधिक टैक्स वसूलने की तैयारी

punjabkesari.in Sunday, Dec 05, 2021 - 09:58 AM (IST)

फरीदाबाद (महावीर गोयल): नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव निगम की माली हालत को सुधारने के लिए एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि बकायदारों को लेकर नगर निगम कमिश्रर ने सख्त रुख अपनाते हुए टैक्सेशन शाखा के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और अब इस फटकार के बाद टैक्सेशन ब्रांच हरकत में आ गया है और शहर के 100 से अधिक बकायदारों को नोटिस भेजने की तैयारी में विभाग जुट गया है। इन बकायदारों से विभाग ने 100 करोड़ से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने का लक्ष्य रखा है।

इस अभियान की शुरुआत सोमवार से की जाएगी। दिलचस्प बात यह है कि इन बकायदारों में आम लोगों के अलावा बड़ी संख्या में सरकारी विभाग भी शामिल हैं जिन्होंने नगर निगम का प्रॉपर्टी टैक्स नहीं जमा करवाया है। ऐसे में उन विभागों के प्रति भी अब नगर निगम सख्त रुख अपनाएगा। निगम कमिश्नर यशपाल यादव का कहना है कि जिस भी मकान पर प्रॉपर्टी टैक्स बनता है उन्हें टैक्स जमा कराना होगा। अब केवल बड़ेे बकाएदार ही नहीं बल्कि सभी  को नोटिस भेजा जा रहा है।

वैसे  तो नगर निगम सीमा क्षेत्र में पांच लाख से अधिक यूनिटें हैं। लेकिन नगर निगम के आंकड़ों में अभी 2.80 लाख प्रॉपर्टी दर्ज है। ये वे प्रॉपर्टी है जिनकी आईडी निगम के पास उपलब्ध है। निगम अधिकारियेां का कहना है कि अभी तक जिन लोगों का प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं है वह भी निगम आकर अधिकारियों से संपर्क कर अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करा सकते हैं। इसके बाद 18 फीसदी ब्याज के हिसाब से टैक्स वसूल किया जाएगा। दरअसल, नगर निगम की माली हालत काफी खराब है। स्थिति यह है कि नगर निगम वेतन तक के लिए फंड पूरे नहीं कर पाता। ऐसे में जब से निगमायुक्त यशपाल यादव ने निगम की कमान बतौर कमिश्रर संभाली है, निगम की आर्थिक हालत को सुधारने के लिए पुरजोर प्रयास किए जा रहे हैं। 
ऐसे में निगम के बकायदारों को लेकर नगर निगम कमिश्रर ने सख्त रुख अपनाया है और टैक्सेशन विभाग को जमकर फटकार लगाई है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगमायुक्त की सख्ती का असर अब टैक्सेशन विभाग पर नजर आ रहा है।

टैक्सेशन विभाग द्वारा बकायदारों से रिकवरी को लेकर  जोन वाइज बड़ी संख्या में नोटिस तैयार किए जा रहे हैं। निगम अधिकारियों की मानें तो अब 100 रुपए से लेकर एक लाख अथवा अधिक बकाएदारों को नोटिस दिया जाएगा। इसके अलावा उन सरकारी विभागों को भी नोटिस भेजा जा रहा है जिन पर टैक्स बकाया है। इनमें शहर के आधा दर्जन से अधिक सरकारी विभाग भी शामिल है। नोटिस मिलने के बाद टैक्स जमा न कराने पर प्रॉपर्टी सील की जाएगी। शनिवार को अवकाश का दिन होने के बाद भी टैक्सेशन ब्रांच के कर्मचारी नोटिस तैयार करने में लगे रहे।


(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static