Haryana में दिनदहाड़े मर्डर से दहला इलाका...बेखौफ बदमाशों ने युवक को गोलियों से भूना, गांव में दहशत का माहौल

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 08:21 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को गांव गोकलगढ़ में बाइक सवार हमलावरों ने मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर बैठे युवक मनोज की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल बन गया।

 प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मनोज अपनी मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे विशाल, महेंद्र और महेश ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से मनोज की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। वारदात में शामिल बताए जा रहे तीनों आरोपी कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे।

 वहीं, मृतक मनोज भी जमानत पर बाहर था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की हैं। आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। 

पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही गोलीबारी और हत्या जैसी वारदातों से जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम लोगों की चिंता बढ़ रही है। खासकर जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोपों ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static