हरियाणा में HERC चेयरमैन की नियुक्ति प्रक्रिया को मिला विस्तार, सरकार ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई, फटाफट करें चैक

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 05:39 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) के चेयरमैन पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले इच्छुक उम्मीदवारों को सरकार ने अतिरिक्त समय दिया है। हरियाणा सरकार ने आवेदन की अंतिम तारीख करीब एक महीने बढ़ा दी है। पहले आवेदन जमा कराने की अंतिम समयसीमा 3 सितंबर शाम पांच बजे निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 5 अक्टूबर 2026 शाम पांच बजे कर दिया गया है।

ऊर्जा विभाग ने 3 सितंबर को जारी शुद्धिपत्र के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया की नई समयसीमा घोषित की है। इससे उन उम्मीदवारों को राहत मिली है, जो किसी कारणवश निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं कर पाए थे।

नंद लाल शर्मा के निधन के बाद खाली हुआ पद
HERC चेयरमैन का पद तत्कालीन चेयरमैन नंद लाल शर्मा के निधन के बाद रिक्त हुआ था। शर्मा ने 2 फरवरी 2024 को आयोग के चेयरमैन का पद संभाला था। इससे पहले वह केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एसजेवीएन लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के पद पर कार्यरत रहे थे।

एचईआरसी के अनुसार, शर्मा को प्रशासनिक और बिजली क्षेत्र में 34 वर्ष से अधिक का अनुभव था। उन्होंने वर्ष 1989 में हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा से अपने करियर की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं।

23 जुलाई को हुआ था निधन
नंद लाल शर्मा का 23 जुलाई को 63 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। ब्रेन स्ट्रोक के बाद उन्हें पंचकूला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। उनके निधन के बाद से एचईआरसी के चेयरमैन का नियमित पद रिक्त चल रहा है।
वरिष्ठतम सदस्य मुकेश गर्ग संभाल रहे चेयरमैन की जिम्मेदारी
नियमित चेयरमैन की नियुक्ति होने तक आयोग के वरिष्ठतम सदस्य मुकेश गर्ग को चेयरमैन के कार्यों और शक्तियों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह व्यवस्था हरियाणा विद्युत सुधार अधिनियम और इससे जुड़े प्रावधानों के तहत की गई है।
मुकेश गर्ग ने 2 फरवरी 2024 को एचईआरसी में सदस्य (कानून) के रूप में कार्यभार संभाला था। वह लंबे समय तक वकालत से जुड़े रहे हैं और हरियाणा राज्य विधि आयोग के सदस्य के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

14 अगस्त को जारी हुआ था मूल विज्ञापन
HERC चेयरमैन पद के लिए आवेदन आमंत्रित करने का मूल विज्ञापन 14 अगस्त को जारी किया गया था। इसमें आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 3 सितंबर शाम पांच बजे तय की गई थी। अब सक्षम प्राधिकारी के निर्णय के बाद ऊर्जा विभाग ने शुद्धिपत्र जारी कर इस समयसीमा को बढ़ाकर 5 अक्टूबर कर दिया है।
आवेदन की तारीख बढ़ाए जाने से पात्र उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए लगभग एक महीने का अतिरिक्त अवसर मिल गया है।

पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को राहत
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो उम्मीदवार पहले ही अपना आवेदन जमा कर चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, यदि कोई आवेदक अपने पहले जमा किए गए आवेदन के साथ कोई नया या अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करना चाहता है, तो वह पहले से जमा आवेदन के संदर्भ में ऐसा कर सकता है। इस तरह अब एचईआरसी को नियमित चेयरमैन मिलने की प्रक्रिया के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर निर्धारित हो गई है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static