टोक्यो पैरालंपिक: भारत के ध्वजवाहक रहे टेकचंद को मिली निराशा, दिया अपना बेहतरीन प्रदर्शन

punjabkesari.in Friday, Aug 27, 2021 - 06:31 PM (IST)

डेस्क: जापान के टोक्यो में चल रहे पैरालंपिक में आज भारत की मेजबानी करने वाले शॉट पुट प्लेयर टेकचंद को हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि इस दौरान टेकचंद अपना अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। शुक्रवार को पैरालंपिक में पुरुषों की शॉट पुट स्पर्धा के फाईनल में उन्हें निराश होना पड़ा।

स्पर्धा के दौरान टेकचंद ने पहले प्रयास में फाउल किया, इसके बाद दूसरे प्रयास में 8.57 मीटर का थ्रो किया। वहीं, चौथे प्रयास में उन्होंने 9.04 मीटर का थ्रो फेंका। यह इस सीजन का उनका बेस्ट थ्रो रहा। टेक चंद ने केवल दो लीगल थ्रो किए। छह में से चार प्रयासों में वह फाउल कर गए। वह इस स्पर्धा में आठवें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में ब्राजील के वालेस सैंटोस ने अपने नाम विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने 12.63 मीटर का थ्रो कर पिछले विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इससे पहले बुल्गेरिया के खिलाड़ी ने इस स्पर्धा में 12.47 का थ्रो कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।

इवेंट बदलना माना जा रहा हार बड़ा कारण
टेकचंद ने अपनी तैयारी एफ 54 कैटेगरी में भाला फेंकने की थी, लेकिन टोक्यो जाने के पश्चात पैरालिंपिक कमेटी की ओर से की जाने वाली जांच में टेकचंद की कैटेगरी एफ 54 की बजाय एफ 55 कर दी गई। एफ 55 कैटेगरी में टेकचंद को भाला फेंक की बजाय गोला फेंक में हिस्सा लेना पड़ा। हालांकि, कैटेगरी बदलने के बाद भी टेकचंद ने हिम्मत नहीं हारी तथा बेहतर प्रदर्शन किया। खेल विशेषज्ञों का भी मानना है कि बिना प्रैक्टिस के नौ मीटर से अधिक दूरी तक गोला फेंकना कोई आसान काम नहीं है।

दुर्घटना का शिकार हुए थे टेकचंद
हरियाणा के जिला रेवाड़ी के बावल के निवासी टेकचंद 2005 में राजस्थान के भिवाड़ी स्थित एक कंपनी से लौटते समय दुर्घटना के शिकार हो गए थे। हादसे में रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के बाद उन्हें सात साल बेड पर रहना पड़ा। व्हील चेयर पकड़ चुके टेकचंद ने भीम अवॉर्डी कोच सतबीर से भाला फेंकने की सलाह ली और इसको अपना करियर बना लिया। पिता को खो चुके टेकचंद के परिवार में मां के अलावा बिजली बोर्ड में नौकरी कर रहा एक भाई है।

जकार्ता में जीता था कांस्य पदक 
टेकंचद ने ट्रायल में 29.66 मीटर की दूरी पर जेवलिन फेंककर टोक्यो पैरालंपिक का टिकट हासिल किया था। इससे पहले टेकचंद 2018 में जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में कांस्य पदक और 2019 में दुबई में हुई विश्व चैंपियनशिप में छठी रैंक हासिल कर चुके हैं। 26 मार्च 2021 को बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक चैंपियनशिप में ज्वैलिन डिस्कस और शाटपुट में उन्होंने एक-एक स्वर्ण पदक जीता था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static