अंबाला में दर्दनाक हादसा; तेज रफ्तार ट्रैवलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत...घटना CCTV कैमरे में कैद

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 07:35 PM (IST)

अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला कैंट में टांगरी बांध के पास बाइक सवार युवक को टक्कर मारकर फरार हुए ट्रैवलर CCTV कैमरे में कैद हो गया। हादसे का 4 मिनट 7 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। जिसमें एक तेज रफ्तार ट्रैवलर बाइक को टक्कर मारने के बाद करीब 25 मीटर तक घसीटता हुआ ले जाता दिखाई दे रहा है।

टक्कर के बाद बाइक से चिंगारियां निकलती हैं, लेकिन ट्रैवलर ड्राइवर रुकने के बजाय मौके से फरार हो जाता है। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 32 वर्षीय मोहित निवासी महेश नगर क्षेत्र की शिव कॉलोनी, खोजकीपुर के रूप में हुई। हादसे के करीब 20 सेकेंड बाद कार रोककर घायल युवक की मदद के लिए पहुंचा राहगीर। हादसे की सूचना मिलने के करीब एक मिनट के अंदर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम।

जानिए CCTV में क्या दिख रहा…

मोड़ पर रुकी बाइक को ट्रैवलर ने मारी टक्कर: हादसे का 4 मिनट 7 सेकेंड का CCTV वीडियो सामने आया है। इसमें सड़क पर रोज की तरह वाहनों की आवाजाही दिखाई दे रही है। सड़क की दूसरी तरफ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे बाइक सवार युवक जा रहा होता है। बाइक सवार एक मोड़ से टर्न लेने के लिए रुकता है। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैवलर आता है और बाइक को जोरदार टक्कर मार देता है।

25 मीटर तक घसीटती चली गई बाइक

टक्कर के बाद बाइक ट्रैवलर के साथ करीब 25 मीटर तक घिसटती चली जाती है। इस दौरान सड़क पर बाइक से चिंगारियां निकलती हुई दिखाई देती हैं। हादसे के बाद ट्रैवलर ड्राइवर बिना रुके मौके से फरार हो जाता है। ट्रैवलर के जाने के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर बेसुध हालत में पड़ा दिखाई देता है।

हादसे के करीब 20 सेकेंड बाद वहां से गुजर रहा एक कार सवार युवक अपनी गाड़ी रोकता है और घायल को उठाने का प्रयास करता है। इसी दौरान दो अन्य बाइक सवार भी मौके पर पहुंच जाते हैं। इसके बाद सभी लोग घायल युवक की मदद के लिए डायल 112 पर कॉल करते हैं।

एक मिनट के अंदर पहुंची डायल 112 की टीम 

हादसे की सूचना मिलने के करीब एक मिनट के अंदर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच जाती है। पुलिसकर्मी घायल युवक को संभालते हैं और उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करते हैं। डायल 112 की टीम के मौके पर पहुंचने के करीब 1 मिनट 30 सेकेंड बाद घायल युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर सिविल अस्पताल अंबाला कैंट के लिए रवाना हो जाती है।

PGI चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

मृतक के भाई राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई मोहित PVC का काम करता था। मंगलवार रात करीब 1:30 बजे वह अपनी TVS स्पोर्ट बाइक पर घर से निकला था। जब वह टांगरी बांध के पास साकेत अस्पताल के सामने पहुंचा तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस की ERV-113 टीम में तैनात ASI ललित कुमार और SPO लाभ सिंह ने घायल को सिविल अस्पताल अंबाला कैंट पहुंचाया था।

गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन उसे एम्बुलेंस से चंडीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई। बाद में अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद मोहित का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। 

महेश नगर थाना पुलिस ने मृतक के भाई राहुल की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ BNS की धारा 281, 125(a), 106 और 324(4) के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल संजीव कुमार को सौंपी गई है। CCTV फुटेज सामने आने के बाद भी फिलहाल ट्रैवलर ड्राइवर की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static