जन्मदिन की पार्टी मना कर वापस लौट रहे थे दोस्त, सड़क हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Saturday, Oct 30, 2021 - 04:55 PM (IST)

यमुनानगर(सुरेंद्र मेहता): जगाधरी पौंटा राष्ट्रीय राजमार्ग 73ए पर भीलपुरा के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों दोनों की मौत हो गई। दोनों दोस्त आधी रात को अपने अन्य दोस्त के बेटे के जन्मदिन समारोह से वापस घर लौट रहे थे। दोनों दोस्त इकलौते बेटे थे। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

परिजनों ने बताया कि 19 वर्षीय राहुल कुमार  व उसका दोस्त छछरौली में रहने वाला 17 वर्षीय रजत कुमार  छछरौली में काम करते थे। दोनों आपस में अच्छे दोस्त थे। रात को दुकान से काम निपटाने के बाद दोनों दोस्त अपने अन्य दोस्त भीलपुरा के रहने वाले सुनील कुमार के बेटे के जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए गए थे। पार्टी से निपटने के बाद रात करीब एक बजे वे दोनों बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। बाइक राहुल चला रहा था, जबकि रजत पीछे बैठा हुआ था।

जगाधरी पौंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जब वे दोनों दोस्त भीलपुरा बस अड्डे  के पास पहुंचे तो जगाधरी की तरफ से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए सीधी टक्कर उनकी बाइक में मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों बाइक सवार उछल कर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। ह‌ादसे में दोनों दोस्तों को सिर, मुंह व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई। इसके बाद किसी ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों दोस्तों को सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच कर रही जांच अधिकारी ज्ञान सिंह का कहना है कि आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static