मनोहर लाल के नेतृत्व में शहरी परिवहन को मिल रही नई दिशा, पुणे मेट्रो लाइन-3 का उद्घाटन महत्वपूर्ण उपलब्धि, हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 01:50 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के शहरी परिवहन बुनियादी ढांचे को आधुनिक, विश्वस्तरीय और नागरिक-केंद्रित बनाने का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। इसी दिशा में पुणे मेट्रो लाइन-3 का उद्घाटन शहरी परिवहन व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 

मनोहर लाल ने कहा कि ₹8,300 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित पुणे मेट्रो लाइन-3 शहर की यातायात व्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह मेट्रो कॉरिडोर पुणे के प्रमुख आईटी केंद्र हिंजेवाड़ी को शिवाजीनगर से जोड़ेगा। इससे हजारों आईटी पेशेवरों, कर्मचारियों और आम यात्रियों को सुरक्षित, सुगम तथा सुविधाजनक आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि आधुनिक शहरी परिवहन केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह शहरों की आर्थिक प्रगति, नागरिकों की जीवनशैली और समग्र विकास से भी जुड़ा हुआ है। मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होने से यात्रियों के बहुमूल्य समय की बचत होगी। साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

मनोहर लाल के अनुसार, किसी भी विकसित शहर की पहचान उसकी मजबूत और आधुनिक परिवहन व्यवस्था से होती है। देश में बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन के ऐसे साधनों का विकास आवश्यक है, जो अधिक से अधिक लोगों को कम समय में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध करा सकें। पुणे मेट्रो लाइन-3 इसी सोच का परिणाम है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार का विशेष जोर शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, आधुनिक तकनीक को अपनाने और नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने पर है। मेट्रो कनेक्टिविटी का विस्तार इसी व्यापक विकास दृष्टिकोण का हिस्सा है।

मनोहर लाल ने कहा कि सरकार नागरिकों के लिए 'ईज ऑफ लिविंग' सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मेट्रो जैसी आधुनिक परिवहन परियोजनाएं न केवल यातायात की समस्याओं का समाधान करती हैं, बल्कि निवेश, रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पुणे मेट्रो लाइन-3 शहर के विकास को नई गति देने के साथ आधुनिक और टिकाऊ शहरी परिवहन व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static