प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस के लिए काम करता था विकास मोहम्मद, देश विरोधी कॉल्स को पहुंचाता था लोगों तक

punjabkesari.in Friday, Dec 25, 2020 - 03:06 PM (IST)

सोनीपत (ब्यूरो) : धर्म परिवर्तन कर पाकिस्तान की युवती से निकाह करने वाले विकास वर्मा उर्फ विकास मोहम्मदको लेकर सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस को पता चला है कि उसका संबंध प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस से है। पुलिस अब उसके पाकिस्तान और दुबई के आतंकी संगठनों से संबंधों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के साथ आई.बी. की टीम भी उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस को जब उसके बारे में पता लगा तो वह दुबई के रास्ते पाकिस्तान भाग चुका था। 

बता दें कि मूल रूप से गांव भैंसवाल फिलहाल सैक्टर-10 वर्धमान गार्डनिया निवासी विकास वर्मा उर्फ विकास मोहम्मद पाकिस्तान, दुबई और कनाडा से आने वाली प्रतिबंधित देश विरोधी मोबाइल कॉल को देश में लोगों तक पहुंचाता था। वह गुरपतवंत सिंह पन्नू के प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस का सक्रिय सदस्य है। उसके बारे में पुलिस को जून माह में इनपुट मिला था। इससे पहले वह दुबई के रास्ते पाकिस्तान चला गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल से मदद मांगी गई थी और लुकआऊट नोटिस जारी किया था। उसे दिल्ली एयरपोर्ट से दबोचा गया। आरोपी इंटरएक्टिव वायस रिस्पांस सिस्टम (आई.वी.आर.एस.) के माध्यम से आतंकी संगठनों की कॉल लोगों को सुनवाता था। पुलिस सूत्रों की मानें तो वह 2 साल से देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त था। जून माह में जानकारी मिलने पर पुलिस के साइबर सैल ने विकास के फेसबुक व व्हाट्सएप की जांच की तो उसके प्रतिबंधित संगठन से जुड़े होने का पता लगा।

आई.बी. लगा रही मोबाइल व लैपटॉप का पता
पुलिस के साथ आई.बी. इसकी जांच कर रही है कि आरोपी के संबंध किस-किससे जुड़े हैं। उससे पूछताछ में प्राप्त जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए पुलिस को उसके मोबाइल और लैपटॉप की तलाश है। वह अपने पुराने मोबाइल सैट और लैपटॉप को अभी बरामद नहीं करवा सका है। उसके बैंक अकाऊंट की जांच भी की जा रही है।

दुबई से होते हुए गया पाकिस्तान, फेसबुक पर दोस्ती कर किया निकाह
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की तो पता लगा कि वह दुबई भाग गया है। वहां उसने इस्लाम स्वीकार किया और कराची पहुंच गया। उसकी कराची की युवती महामामीर से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी और वहां जाकर उसने उससे निकाह कर लिया। अब वह कराची से शारजाह होता हुआ 22 दिसम्बर को दिल्ली पहुंचा तो इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर उसको गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल से मदद मांगी हुई थी और लुकआऊट नोटिस जारी किया हुआ था। पुलिस उसके पाकिस्तान, दुबई व कनाडा के आतंकी संगठनों से संबंधों की तलाश कर रही है। उसे 9 दिन के रिमांड पर लिया गया है। वह 12वीं पास है और कम्प्यूटर का अच्छा ज्ञान रखता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static