करनाल में हैवानियत: रिश्ते की ताई ने नाबालिग छात्रा को जाल में फंसाया, युवक ने किया दुष्कर्म; नहर में फेंकने की दी धमकी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 01:57 PM (IST)

करनाल: करनाल के मधुबन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने, उसे डराने-धमकाने और विरोध करने पर नहर में फेंक देने की धमकी दी गई। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर उसकी रिश्ते की ताई और आरोपी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़िता के पिता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक और किशोरी की रिश्ते की ताई ने मिलकर इस पूरी वारदात की साजिश रची। आरोप है कि ताई ने नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में लिया और आरोपी के हवाले कर दिया, जिसके बाद आरोपी युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

वारदात के बाद आरोपी ने नाबालिग छात्रा को किसी से भी इस घटना का जिक्र न करने के लिए बुरी तरह डराया और धमकाया। आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसे नहर में फेंककर जान से मार दिया जाएगा। इस डर की वजह से पीड़िता सहमी रही, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।

बेटी से आपबीती सुनने के बाद परिजनों ने तुरंत मधुबन थाना पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक और साजिश में शामिल रिश्ते की ताई के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static