औचक निरीक्षण में 8 कर्मचारी मिले गैर-हाजिर, होगी कड़ी कार्रवाई

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2020 - 01:29 PM (IST)

जींद (ब्यूरो) : इस समय कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे स्वास्थ्य विभाग के ही कुछ कर्मचारी संकट की इस घड़ी में भी ड्यूटी से गैर-हाजिर हो रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों पर शिकंजा कसने के लिए शनिवार को 5 डिप्टी सिविल सर्जन ने अलग-अलग सी.एच.सी. का औचक निरीक्षण सिविल सर्जन डा. जय भगवान जाटान के आदेशों पर किया। औचक निरीक्षण के दौरान एक डाक्टर सहित कुल 8 कर्मचारी गैर-हाजिर मिले। गैर-हाजिर मिले डाक्टर और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

इन लोगों का वेतन काटने से लेकर उन्हें नोटिस देकर यह कहा जाएगा कि क्यों न उनके खिलाफ महामारी एक्ट के तहत एफ.आई.आर. दर्ज करवा दी जाए। कोरोना के खिलाफ जंग में सबसे अहम भूमिका स्वास्थ्य विभाग की है और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पर समय पर आने और किसी भी सूरत में ड्यूटी से गैर-हाजिर नहीं रहने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद फील्ड में कुछ कर्मचारी ड्यूटी से गैर हाजिर हो रहे हैं।

सिविल सर्जन डॉ. जय भगवान जाटान ने फील्ड में तैनात कर्मचारियों की हाजिरी सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को 5 डिप्टी सिविल सर्जन को अलग-अलग सी.एच.सी. में औचक निरीक्षण के लिए भेजा। इसमें डिप्टी सिविल सर्जन डा. जे.के. मान को सी.एच.सी. उचाना और पी.एच.सी. अर्बन, डा. प्रभुदयाल को नागरिक अस्पताल नरवाना और सी.एच.सी. उझाना, डा. एन.के. वर्मा को सी.एच.सी. जुलाना, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नवनीत को सी.एच.सी. खरकरामजी और सी.एच.सी. कालवा तथा डा. अजय चालिया को नागरिक अस्पताल सफीदों का औचक निरीक्षण करने के लिए कहा गया था।

सिविल सर्जन डा. जय भगवान जाटान ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान उचाना में 5 और सी.एच.सी. खरकरामजी में 3 कर्मचारी गैर-हाजिर मिले। सी.एच.सी. खरकरामजी में जो 3 कर्मचारी गैर-हाजिर मिले, उनमें एक डाक्टर भी शामिल है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी से गैर-हाजिर मिले कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। इसके अलावा उन्हें नोटिस जारी कर यह कहा जाएगा कि क्यों न उनके खिलाफ महामारी एक्ट के तहत पुलिस में एफ.आई.आर. दर्ज करवा दी जाए। सिविल सर्जन ने कहा कि इन गैर हाजिर मिले कर्मचारियों से उनकी गैर हाजिरी को लेकर स्पष्टीकरण भी मांगा जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Manisha rana

Recommended News

Related News

static