सी.जे.एम. ने डिप्टी सिविल सर्जन को दिए निर्देश

punjabkesari.in Thursday, Aug 29, 2019 - 12:38 PM (IST)

जींद: जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव और मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डा. अशोक कुमार ने कहा कि विधवा महिलाओं और उनके आश्रितों को सहजता से चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सके, इसके लिए जींद, नरवाना तथा सफीदों के नागरिक अस्पतालों में विंडो स्थापित करवाई जाएंगी। डा. अशोक कुमार ने यह जानकारी ए.डी.आर. सैंटर के सभागार में आयोजित हुई विंडो सैल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। बैठक में सरकारी जन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने डिप्टी सिविल सर्जन डा. पाले राम को निर्देश देते हुए कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा विधवाओं और उनके आश्रितों को सरकारी योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य को लेकर विंडो सैल गठित की गई है।

सरकारी अस्पतालों में विधवाओं और उनके आश्रितों को चिकित्सा सुविधाओं का त्वरित आधार पर मिल सके, इसके लिए तुरंत विंडो स्थापित करवाना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी सहन नहीं की जाएगी।  बैठक में विधवा महिलाओं के विशेष पहचान पत्र बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी सरोज देवी ने बताया कि जिला में लगभग 55 हजार विधवा महिलाएं हैं। इस पर सी.जे.एम. ने कहा कि इन महिलाओं के पहचान पत्र बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि इस कार्य को सिरे चढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी उच्च अधिकारियों से जल्द बातचीत करें। बैठक में डी.एस.पी. धर्मबीर खर्ब, डिप्टी सिविल सर्जन डा. पाले राम, पी.ओ.आई.सी.डी.एस. ऊषा मुआल, जिला समाज कल्याण अधिकारी सरोज देवी, नरेश जागलान और कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

जिलाभर में लगाए जाएंगे जागरूकता कैम्प 
सी.जे.एम. डा. अशोक ने बताया कि केंद्र और हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा जिलाभर में कई जागरूकता कैम्पों का आयोजन करवाया जाएगा।कैम्पों में जन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि नरवाना ब्लाक प्रथम में आगामी 10 सितम्बर को नरवाना के नागरिक अस्पताल में नि:शुल्क हैल्थ कैम्प का आयोजन करवाया जाएगा। प्रात: 10 बजे शुरू होने वाले इस कैम्प में विधवा महिलाएं व उनके आश्रित स्वास्थ्य जांच करवा सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

static