बदमाशों ने युवक पर किया जानलेवा हमला, उपचार के दौरान तोड़ा दम

punjabkesari.in Tuesday, Oct 15, 2019 - 01:26 PM (IST)

पिपली (सुकरम) : राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक निजी होटल पर बदमाशों द्वारा हमले में गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार की पी.जी.आई. चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। सुनील कुमार पिछले 4 दिन से पी.जी.आई. चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत की लड़ाई के लिए जूझ रहा था। रविवार की रात को सुनील कुमार ने पी.जी.आई. में अंतिम सांस ली। थाना सदर पुलिस ने सुनील कुमार के शव के पोस्टमार्टम को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की एक टीम को सुनील कुमार के शव को लेने के लिए चंडीगढ़ भेजा गया है। पुलिस ने सुनील कुमार की मौत के बाद इस मामले के आरोपियों के खिलाफ 302 की धारा जोड़ दी है। दूसरी ओर पुलिस ने अन्य आरोपियों और गिरोह के मुखिया की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव रामगढ़ के समीप एक निजी होटल में बदमाशों ने गत बृहस्पतिवार को दिन-दिहाड़े हमला बोलकर कई कर्मचारियों को घायल कर दिया था। इतना ही नहीं, हमलावरों ने होटल में तोडफ़ोड़ कर काफी नुक्सान पहुंचाया था।

हमलावर तोडफ़ोड़ करने के बाद होटल के मैनेजर से नकदी व होटल में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की डी.वी.आर. भी साथ ले गए थे। हमलावरों द्वारा सुनील व विजय पर डंडों से हमला किया गया था। जिसके बाद सुनील व विजय गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमले में कई अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आई थीं। सुनील की गंभीर हालत को देखते हुए एल.एन.जे.पी. के चिकित्सकों ने बृहस्पतिवार को उसे पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया था। पी.जी.आई. चंडीगढ़ में सुनील कुमार की उपचार के दौरान रविवार की रात को मौत हो गई।

जबकि हमलावरों द्वारा किए गए हमले में घायल विजय कुमार की एल.एन.जे.पी.अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस बारे में जब थाना सदर प्रभारी जगदीश चंद से बातचीत की गई तो उन्होंने पी.जी.आई. चंडीगढ़ में उपचाराधीन सुनील कुमार की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सुनील की रविवार की रात को उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम को सुनील कुमार के शव को लेने के लिए चंडीगढ़ भेजा गया है।

मृतक सुनील कुमार के परिजनों को पुलिस ने पहले ही सूचना देकर बुला लिया था, जो सुनील की मौत के समय पी.जी.आई. चंडीगढ़ में ही थे। उन्होंने बताया कि मृतक सुनील कुमार उत्तर प्रदेश के हरदोई का रहने वाला था। पुलिस ने सुनील कुमार की मौत के बाद मामले में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 302 जोड़ दी है। उन्होंने बताया कि गिरोह का मुखिया मनोज कुंडू कैथल का रहने वाला है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पुलिस ने इस मामले में 20 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था, जिनमें से 4 आरोपियों दीदार उर्फ दारी फौजी निवासी लोहारा, वजीर उर्फ रिंकू निवासी लोहारा, प्रवीण उर्फ रोशन लाल निवासी मुकरपुर व नरेंद्र निवासी समानी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर रेड की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static