जापान भेजने के नाम पर हड़पे 9 लाख, केस दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Feb 16, 2020 - 02:23 PM (IST)

बाबैन (रामकुमार) : जापान भेजने के नाम पर 9 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने भैणी निवासी लालचन्द की शिकायत पर भूखड़ी निवासी अमरजीत सिंह पुत्र रोशन लाल व उसके लड़के सुमित व सचिन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में लालचन्द ने आरोप लगाया कि उसका बेटा अमनकुमार बेरोजगार है। लालचन्द ने कहा कि एक दिन उसकी मुलाकात भूखड़ी निवासी अमरजीत सिंह से हुई तो वह कहने लगा कि उसका लड़का सुमित इंडोनेशिया में रहता है और उसने वहीं शादी की हुई है। 

उसने कहा कि अमरजीत ने बताया कि उसके लड़के सुमित का ससुर जापान में एक कंपनी का मालिक है जिसे कम्पनी में काम के लिए लड़कों की जरूरत है और वह उसके लड़के को जापान में वर्क परमिट दिलवाकर कंपनी में भेज देगा। लालचन्द ने कहा कि वह अमरजीत सिंह के बहकावे में आ गया और उसने अमरजीत से जापान भेजने का खर्चा पूछा तो उसने बताया कि साढ़े 9 लाख रुपए देने होंगे, जिसमें से 8 लाख रुपए पहले व शेष राशि बाद में देनी होगी।

अमरजीत सिंह के साथ यह सारी बात देवीचन्द व जगमाल सिंह निवासी भैणी की मौजूदगी में तय हुई थी। लालचन्द ने कहा कि उसने अमरजीत द्वारा बताए गए एक खाते में पैसे जमा करवाए और एक लाख रुपए पहले ही कागजात के साथ पेशगी के तौर पर दिए। उसने कहा कि उन्होंने जनवरी में उसके लड़के की फ्लाइट जयपुर से जकार्ता इंडोनेशिया के लिए करवा दी और 26 जनवरी तक अमन कुमार के साथ बात होती रही परन्तु उसके बाद आजतक बात नहीं हुई। जब लालचन्द ने बेटे के बारे अमरजीत सिंह से पूछताछ की तो उसने कहा कि वह अपने लड़के सुमित से कहकर तेरे लड़के को वहीं पर मरवा देगा और उसे आशंका है कि सुमित ने उसके लड़के का अपहरण किया हुआ है और हमें कुछ पता नहीं है कि वह किस हालत में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है जिस पर कार्रवाई जारी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static