हरकत में आया प्रदूषण बोर्ड, वातावरण दूषित करने की फैक्टरी पर जड़ा सरकारी ताला

punjabkesari.in Saturday, Feb 08, 2020 - 01:59 PM (IST)

सिरसा (भारद्वाज) : शहर के बेगू रोड पर नियमों को ताक पर रख चल रही एक फैक्टरी पर शुक्रवार देर शाम ‘सरकारी ताला’ लटक गया। इस कार्रवाई से जहां फैक्टरी  के आसपास की कॉलोनीवासियों को राहत मिली है तो वहीं इन लोगों का कहना है कि अब उनकी रातें चैन से कट जाएंगी। साथ ही क्षेत्र में बिगड़ा वातावरण भी सुधर जाएगा। यह कार्रवाई सी.एम. विंडो पर दी गई शिकायत के आधार पर अमल में लाई गई है और अधिकारियों ने साफ कहा है कि फैक्टरी  नियमों को ताक पर रख कर चलाई जा रही थी और इससे प्रदूषण भी फैल रहा था।

ऐसे बंद हुई फैक्टरी 
बेगू रोड स्थित प्रीतनगर की गली नंबर 11 में मै.हनुमान फाऊंडरी नाम से एक फैक्टरी चल रही थी। इस फैक्टरी  में कृषि से संबंधित संसाधनों का निर्माण होता था। इस फैक्टरी  के कारण साथ लगती करीब 4 कालोनियों में रहने वाले लोग काफी परेशान थे। बताया गया है कि इस फैक्टरी से न केवल गंदा धुआं फैलता था बल्कि दूषित पानी भी बाहर फैला रहता था। इसके चलते लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी और रात के वक्त शोर शराबे के कारण भी यहां के लोग चैन की नींद नहीं सो पाते थे।

हालांकि आसपास की कालोनियों व फैक्टरी  के साथ बने मकानों में रहने वाले लोगों ने फैक्टरी  संचालक से गुहार लगाई मगर बात नहीं बनी। इस पर एक अध्यापक कृष्ण कुमार ने सी.एम. विंडो में शिकायत दर्ज करवाई। इस शिकायत के आधार पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने निरीक्षण करने के बाद संचालक को नोटिस दिया। बताया गया है कि नोटिस के बाद संचालक ने कमियों को दूर करने का भरोसा दिया मगर पुन: निरीक्षण किया तो खामियां जस की तस रहीं। इस पर शुक्रवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एस.डी.ओ. सुनील सहारण अपनी टीम लेकर मौके पर पहुंचे और फैक्टरी  को सील करने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static