प्रशासन की तैयारी : आज से जरूरी चीजों की होगी होम डिलीवरी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2020 - 03:06 PM (IST)

सोनीपत (दीक्षित) : लॉकडाऊन के दौरान स्थिति का जायजा लेने के लिए डी.सी. अंशज सिंह, एस.डी.एम. आशुतोष राजन और एस.पी. जश्नदीप सिंह रंधावा दलबल के साथ सड़कों पर उतरे और लोगों को लताड़ा, तब कहीं जाकर सड़कों पर सन्नाटा पसरा और दुकानें शटर डाऊन हुई। हालांकि, जरूरत के सामान को छोड़कर अधिकतर बाजार बंद रहा लेकिन यहां भी लोगों ने अफरा-तफरी मचाए रखी। ऐसे में पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी।

इधर, राशन और सब्जी के तमाम झंझटों का हल निकालने के लिए अब प्रशासन होम डिलीवरी सिस्टम पर विचार कर रहा है। संभव है कि कल तक यह आदेश लागू हो जाए। इसके लिए 2 नामी कम्पनियों से बातचीत कर ली गई है। जरूरत का सामान यह कम्पनियां निर्धारित मूल्य पर लोगों को घर बैठे ही मुहैया करवाएंगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से डी.एफ.एस.सी., डी.टी.सी. सेल्स टैक्स और एम.डी. हैफेड की टीम बनाई गई है। यह टीम इस सारी योजना का प्रारूप तैयार कर रही है। इसी तरह सब्जी और दूध भी लोगों को घर पर ही मुहैया करवाने की योजना है। ताकि लोग कम से कम घरों से निकलें और संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

हाईवे पर कम दिखे वाहन
इस बीच कुं डली बार्डर सील किए जाने के बाद हाईवे पर नजारा कुछ बदला-बदला दिखा। जनता कफ्र्यू की तरह इक्का-दुक्का वाहन ही हाईवे पर थे। इसी तरह नाकेबंदी के बाद शहर में भी काफी हद तक राहत मिली है। इस बीच डी.सी. डा. अशंज सिंह ने ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त करके लॉकडाऊन को प्रभावी करने के आदेश दिए हैं। लोगों को घरों से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। कोरोना से बचाव के लिए लोग खुद ही अपनी जिम्मेदारी समझें और बाहर न निकलें। ऐसे में जरूरी सामान की होम डिलीवरी का भी इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए एक टीम बनाई है जो कल से या एक-दो दिन बाद काम शुरू कर सकती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static