नागरिक अस्पताल में बिगड़ी व्यवस्था, 5 सेवाएं ठप्प

punjabkesari.in Sunday, Feb 16, 2020 - 04:30 PM (IST)

सोनीपत(संदीप): मरीजों का इलाज करने वाला अस्पताल खुद बीमार हो चला है। अस्पताल में मरीजों को इलाज के नाम पर धक्के खाने पर पड़ रहे हैं। यहां व्यवस्था बिगड़ रही है और सेवाएं लगातार ठप्प हो रही हैं। अस्पताल में डाक्टरों की कमी के अलावा टीके, एक्स-रे सेवा, एंटी रैबिज, बायोकैमिस्ट्री मशीन और लिफ्ट आदि सेवाएं ठप्प हैं। इसके चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

मरीजों की मांग है कि नागरिक अस्पताल की व्यवस्था में सुधार किया जाए। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 1,500 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं परंतु अस्पताल की व्यवस्था बिगड़ती जा रही है।अस्पताल में लम्बे समय से डाक्टरों की कमी प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है तो दवाइयों की कमी व ठप्प स्वास्थ्य सेवा मरीजों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। अस्पताल में चिकित्सकों की कमी के कारण आपातकालीन वार्ड में घायल मरीजों को केवल प्राथमिक उपचार कर रैफर कर दिया जाता है तो गर्भवती महिलाओं को हाईरिस्क डिलीवरी के दौरान रैफर कर देते हैं।

एक्स-रे वार्ड की सेवा ठप्प, अल्ट्रासाऊंड में वेटिंग
एक्स-रे वार्ड में मशीन खराब है। इसके चलते अस्पताल में मरीजों के एक्स-रे नहीं हो रहे। मरीजों को बिना एक्स-रे करवाए लौटना पड़ रहा है। आपातकालीन, आर्थो, गायनी, मैडीसिन वार्ड आदि में चिकित्सक इलाज के दौरान एक्स-रे की सलाह देते हैं परंतु एक्स-रे न होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अल्ट्रासाऊंड वार्ड में भी अल्ट्रासाऊंड करवाने की वेटिंग फिलहाल 20 दिन की है। इसका कारण अस्पताल में केवल 1 रेडियोलोजिस्ट की नियुक्ति है। रेडियोलोजिस्ट की छुट्टïी या कोर्ट में जाने से सेवा बंद रहती है। वेटिंग की लिस्ट लगातार बढ़ती जा रही है।

 डा. बी.के. राजौरा, सिविल सर्जन, सोनीपत ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी है। चिकित्सकों की मांग मुख्यालय में बार-बार भेजी जा रही है। अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। जल्द ही लिफ्ट व बायोकैमिस्ट्री मशीन आदि व अन्य सेवाओं को चालू कर दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static