जल्द मुआवजा न मिला तो सड़क पर उतरेंगे किसान

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2020 - 02:38 PM (IST)

यमुनानगर (त्यागी) : भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर के नेतृत्व में बुधवार को किसानों ने ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों में नुक्सान होने के कारण उपायुक्त कार्यालय यमुनानगर में एस.डी.एम. जगाधरी दर्शन लाल बिश्नोई को ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व भारतीय किसान यूनियन ने मंडी गेट पर एक बैठक की और कहा कि हर बार किसानों पर कुदरत का कहर टूट रहा है। किसानों को प्रशासन व सरकार की ओर से सही से मुआवजा भी नहीं मिल रहा है।

गत वर्ष खराब हुई फसलों का मुआवजा भी अभी तक नहीं मिला और अब हाल यह है कि अभी हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की 80 प्रतिशत से भी अधिक फसल खराब हो चुकी है। किसानों को मुआवजे के लिए भटकना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार व प्रशासन को चाहिए कि इस प्रकार की आपदा से निपटने के लिए जल्द से जल्द खुद ही किसानों की खराब हुई फसलों की विशेष गिरदावरी करवाएं। उन्हें मांगने से पहले ही तुरंत मुआवजा प्रदान करें।

जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने बताया कि 13 मार्च को जगाधरी के गांव जुड्डा जट्टान, जुड्डा शेखान, सेखान, मंधार, पाबनी, कपूरी कंला, छोटा मारवा, बड़ा मारवा आदि दर्जनों गांव में भारी भरकम ओला पढऩे से लगभग 80 प्रतिशत फसल खराब हो गई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि तुरंत गिरदावरी करवा कर किसानों को मुआवजा दिया जाए। सुभाष गुर्जर ने बताया कि चालू रबी फसल सीजन में गेहूं की खरीद को लेकर मेरी फसल, मेरा ब्योरा योजना के तहत प्रति एकड़ हिसाब से सरकार कितनी गेहूं खरीदेगी इसकी स्पष्ट पॉलिसी जारी नहीं होने से किसानों में संशय बना हुआ है। 

मेरी फसल मेरा ब्यौरा, फसल बीमा योजना, किसान निधि सम्मान आदि बीमारियों से सरकार ने किसान को चारों तरफ से घेर रखा है। किसान दफ्तरों के चक्कर काट-काट कर थक गए हैं। सरकार कहती है कि 2022 में किसान की आय दोगुनी कर देंगे लेकिन सरकार यह स्पष्ट करे कि आज किसान की आय क्या है। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी इस मांग को गंभीरता से लें नहीं तो किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा। मौके पर कर्मवीर सलेमपुर उपाध्यक्ष छछरौली, समय सिंह, जय सिंह ,सुरेंद्र सिंह नम्बरदार, महेंद्र्र सिंह , सरदूल सिंह, शेर सिंह ,रणधीर सिंह, जगमाल सिंह, अशोक सिंह, राहुल कुमार आदि किसान मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static