बेटी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को ठहराया जिम्मेदार, 3 के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Feb 13, 2020 - 03:29 PM (IST)

यमुनानगर (ब्यूरो) : सावनी पुरी जगाधरी में विवाहिता (32) ने मंगलवार को सुसाइड कर लिया था। उसका शव रोशनदान की ग्रिल पर लटका मिला था। सूचना मिलते ही अर्जुन नगर पुलिस ने मौका किया था। मंगलवार शाम तक मृतका के मायके वाले नहीं आ पाए थे। बुधवार को मृतका मानसी के पिता संजय बरनवाल वासी लखीमपुर यू.पी. यमुनानगर आए। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बेटी की शादी को सिर्फ 3 साल हुए थे।

दंपति के पास कोई बच्चा नहीं है। आरोप है कि शादी के बाद लगातार दहेज की मांग की गई। 2-3 दिन पहले भी इसी बारे काल आया। दहेज के नाम पर उनसे 40 लाख मांगे गए। वे देने में असमर्थ थे, इसी कारण उनके दामाद ने अन्य परिजनों के साथ मिलकर उनकी बेटी को मार दिया या फिर तंग आकर मजबूरन उसने जान दे दी। मृतका के पिता ने इस मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है।

वहीं, इससे पहले मृतका के पति पीयूष ने पुलिस को बताया था कि सोमवार रात को पत्नी के साथ झगड़ा होने पर वह दूसरे कमरे में जाकर सो गया था। सुबह जब कमरे में गया तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो पत्नी फंदे पर लटकी हुई थी। किसी तरह दरवाजा खोला और अंदर गया। चुन्नी का फंदा पत्नी ने लगाया हुआ था। उधर, अर्जुन नगर चौकी इंचार्ज पारस का कहना है कि मृतका के पिता के बयान पर पीयूष, उसके भाई साहिल व माता पूनम पर धारा 304बी व 34 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार करेंगे।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static