बैंक खाते से निकाले 20,000 रुपए, केस दर्ज

11/11/2017 12:26:08 PM

अम्बाला शह(मुकेश):ए.टी.एम. पर गए एक व्यक्ति के बैंक खाते से 20,000 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित व्यक्ति ने एक युवक पर शक जताया है जो उस वक्त ए.टी.एम. के अंदर खड़ा था। बाकायदा इसकी शिकायत उसने चौकी बलदेवनगर पुलिस को दी है। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी। जग्गी कालोनी फेस-1 के सुरिन्द्र सिंह बलदेवनगर फाटक न्यू वीटा एन्क्लेव के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के ए.टी.एम. से शाम 6 बजे रुपए निकलवाने गए थे। यहां सिर पर काली टोपी पहने एक युवक ए.टी.एम. से छेडख़ानी कर रहा था। सुरिन्द्र ने मशीन में अपना कार्ड लगाकर बटन दबाने चाहे तो बटन बिल्कुल जाम थे।

बहुत कोशिश करने के बाद भी जब बटन नहीं दबे तो वह युवक भी ए.टी.एम. के पास आकर उनके साथ बटन दबाने लगा। करीब 5 मिनट के दौरान न तो ए.टी.एम. टाइम आऊट हुआ और न ही उसके बटन ऑन-ऑफ हुआ। देर इंतजार के बाद सुरिन्द्र सिंह वहां से चले गए लेकिन ए.टी.एम. छोडऩे के 5 मिनट बाद ही उनके फोन पर 20,000 रुपए निकलने का मैसेज आ गया और यह देखकर वह दंग रह गए। इसके बाद वह तुरन्त ए.टी.एम. पर पहुंचे लेकिन वह युवक वहां नहीं था। बाद में सुरिन्द्र ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।