अाप ने निकाला भाजपा के खिलाफ पैदल मार्च...कहा सरकार जनता से कर रही भेदभाव

8/30/2016 6:59:36 PM

अंबाला (कमलप्रीत): आम आदमी पार्टी ने अब सिस्टम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है जिसमें उसके निशाने पर सरकारी बाबू और राजनेता मुख्य तौर पर हैं। पिछले दिनों पब्लिक हैल्थ विभाग का घेराव करने के बाद मंगलवार सुबह अाप कार्यकर्ताओं ने नगर निगम का घेराव किया। पैदल मार्च रैस्ट हाऊस से शुरू होकर बाजारों से होते हुए नगर निगम में संपन्न हुआ। यहांं पर निगम अधिकारियों और डिप्टी मेयर के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद आप कार्यकर्ताओं ने निगम के गेट के बाहर अंबाला कैंट के विधायक और सूबे के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का पुतला आग के हवाले कर दिया।

 

मोर्चे की अगुवाई कर रहे पार्टी पर्यवेक्षक ने कहा कि सरकारी बाबू लोगों के काम नहीं कर रहे अाैर सरकार के लोगों के काम तो चुटकियों में हो रहे हैं। जनता के साथ सीधे तौर पर भेदभाव किया जा रहा है। सुविधाओं का दम भरने वाली भाजपा के राज में काले दिन आ गए हैं। इसके लिए निगम में बैठे पार्षद और डिप्टी मेयर व मेयर आदि भी पूरे जिम्मेदार हैं जो अांखें मूंदे बैठे हैं। यह इतना कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि हमारी कोई सुनता नहीं। ऐसे लोगों को अपने पदों पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। इनके पास जनता के साथ की पावर है पर यह इस्तेमाल नहीं करते। निगम में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है और यहां कोई एक्शन ही नहीं हो रहा। इसीलिए आम आदमी पार्टी लोगाें को जगाने के लिए सड़कों पर उतरी है। दीपक मेहरा ने कहा लोग अपने काम छोड़कर आज निगम को कोसने इसलिए पहुंचे हैं ताकि वह बता सकें कि वह कितने परेशान हैं। पर कोई जाग ही नहीं रहा। जनता की ताकत को सिस्टम कमतर आंकने की गलती कर रहा है। जिसका खामियाजा उन्हें आने वाले चुनावों में भुगतना पड़ सकता है। यह लोगों के गुस्से की आग है जो विज के पुतले पर निकली है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब भी संभल जाने और लोगों के काम करने का वक्त है।