अब नहीं लगेंगी लंबी लाइन, दप्पर टोल प्लाजा का ई-पास पूरे देश में मान्य

8/3/2015 11:11:44 AM

अंबाला: 5 अगस्त से राहगीरों को एक नई सुविधा मिलने जा रही है जिससे उन्हें समय, खर्च और कतार में लगने की परेशानी से भारी राहत मिलेगी। दरअसल दप्परटोल प्लाजा से जारी इलैक्ट्रॉनिक्स टोल पास अब पूरे भारत के नेशनल हाईवेज के टोल प्लाजाओं पर मान्य होगा। मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवेज की यह फास्ट टैग सुविधा नाॅर्थ-वेस्ट इंडिया में सबसे पहले दप्पर टोल प्लाजा पर शुरू हो रही है। एन.एच.ए.आई. के उच्चाधिकारी इस फास्ट टैग सुविधा का शुभारंभ 5 अगस्त से करेंगे।

केंद्रीय मंत्रालय ने इस सुविधा को भारत में फास्टैग ब्रांड का नाम दिया है, जो फिलहाल महाराष्ट्र गुजरात तक सीमित थी। यह एक ऑटोमेटेड इलैक्ट्रॉनिक्स टोल कलेक्शन है, जिसमें ऑनलाइन पेमेंट्स अब आपके बैंक खाते से कटकर टोल कंपनी के खाते में जमा हो जाएगी। इसकेे लिए सरकार का करार आई.सी.आई.सी.आई. और एक्सिस बैंक से हुआ है। इसके लिए खाता इन बैंकों में होना जरूरी है।

अगर आपका खाता इन बैंकों में नहीं है तो आप दप्पर टोल प्लाजा पर एक बार रुककर इलैक्ट्रॉनिक पास हासिल कर सकते हैं। बैंक कर्मी दप्पर टोल प्लाजा पर यह प्रीपेड पास जारी करने लगे हैं। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर में सबसे पहले दप्पर टोल प्लाजा पर शुरू हो रही है।

टोल संचालक कंपनी जी.एम.आर. एक्सप्रेस हाईवेज के प्रभारी महिंदर गेरा के अनुसार हाइवेज महकमे ने इसके लिए अंबाला चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित दप्पर टोल पलाजा को चुना है। पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आना था, परंतु अब 5 अगस्त को महकमे के उच्चाधिकारी फास्टैग सुविधा का शुभारंभ करेंगे। वाहन गुजरते ही आपके उक्त बैंक खाते से पैसे कट जाते हैं। 24 घंटे के भीतर दो बार एक ही टोल प्लाजा से गुजरने पर रिटर्न एंट्री पर डिस्काउंट भी मिलता है।