भाजपा MLA बोले, नोटों पर महात्मी गांधी की फोटो क्यों, शहीदों को मिले ये सम्मान

8/30/2015 10:24:24 AM

अंबाला (कमल मिड्ढा): शहर से भाजपा विधायक असीम गोयल की एक मांग कांग्रेस और भाजप के बीच बड़े विवाद की वजह बन गई है| दरअसल देश के वित्त मंत्री और आर.बी.आई. गवर्नर को पत्र लिखकर विधायक ने देश की करंसी के नोटों पर छपने वाली महात्मा गांधी की फोटो की जगह भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, सुभाष चंद्र बोस, श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे उन महान शहीदों के चित्र लगाने की मांग की है जोकि देश की आजादी के लिए अपनी जान देने के बावजूद इतिहास में ज्यादातर गुमनाम रहे।

विधायक असीम गोयल का आरोप है कि काले कांग्रेसियों ने इतिहास के साथ छेड़छाड़ करके महान शहीदों को जो सम्मान मिलना चाहिए था वह मिलने नहीं दिया...इसीलिए हर जगह कांग्रेस पार्टी का संचालन करने वाले गांधी परिवार से जुड़े लोगों को ही सबसे महान बताया गया। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वह गांधी के फोटो के खिलाफ नहीं है लेकिन उनकी माने तो हर बड़े-छोटे नोट पर हर महान शख्सियत का फोटो लग सकती है।

भाजपा विधायक द्वारा लिखे गए पत्र पर अभी सरकार की ओर से कोई संज्ञान तो नहीं लिया गया है लेकिन कांग्रेसियों को शायद ये डर सताने लगा है कि जैसे हरियाणा में तमाम खेल स्टेडियमों के राजीव गांधी खेल स्टेडियम से नाम बदलकर शहीदों के साथ जोड़े गए कंहीं ऐसा नोटों के मामले में भी न हो जाए इसीलिए उन्होंने भाजपा के खिलाफ सीधे मोर्चा खोल दिया है।

हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष फूल चंद मुलाना ने तो यहां तक सवाल उठाया कि अजादी में भाजपा की भूमिका ही क्या रही? उनकी मानें तो जिन्होंने आजादी के योगदान में अंगूठा तक नही कटवाया वह कांग्रेस को बदनाम करने के लिए ऐसी बातें न करें जबकि हरियाणा सरकार में मंत्री रहे कांग्रेसी नेता निर्मल सिंह की माने तो उनकी पार्टी ने शहीदों को पूरा सम्मान दिया है इसीलिए यह सिर्फ कांग्रेस को बदनाम करने के लिए भाजपा की महज चाल है।

गौरतलब है कि आल इंडिया शहीद ब्रिगेड का संचालन करने वाले शहीद भगत सिंह के वंशज भी पिछली सरकार से नोटों पर शहीदों के फोटो लगाने की मांग करते आ रहे थे लेकिन तभी उसे कोई तरजीह नहीं दी गई...मगर सत्ताधारी भाजपा के नेताओं के साथ आने से उन्हें भी बल मिल गया है जिस कारण शायद सरकार मसले पर विचार भी कर सकती है। लिहाजा अब कांग्रेस के लिए गांधी का नाम बचाना बड़ी चिंता का विषय जरूर बनता दिखाई दे रहा है जिससे निपटना भी आसां न होगा।